1977 में आई फ़िल्म ‘किनारा’ में गुलज़ार का एक गीत ‘नाम गूम जाएगा’ था। इसी गाने के लिरिक्स में एक लाइन है ‘मेरी आवाज़ ही पहचान है…’, जो कि लता मंगेशकर पर एकदम सटीक बैठती है। आज लता मंगेशकर इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन, उनकी आवाज ही है, जिसकी वजह से वो आज भी लोगों के जहन में जीवित हैं और उनकी यादें बरकरार हैं। उन्होंने बॉलीवुड से लेकर क्षेत्रियों में एक से बढ़कर एक बेहतरीन गाने गाए हैं। उन्होंने 36 भारतीय भाषाओं में हजारों गाने गाए हैं। इसके साथ ही उनका आवाज में ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे इमोशनली और देशभक्ति से ओत-प्रोत गाने भी रहे हैं, जो उनकी आवाज में अमर हैं। उनकी आवाज के मुरीद केवल लोग ही नहीं बल्कि देश की बड़ी हस्तियां भी रही हैं। राजनीतिक गलियारे में भी उनके गानों को काफी पसंद किया जाता रहा है। ऐसे में एक बार प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू उनका गाना सुन रो पड़े थे। चलिए बताते हैं उनसे जुड़े इस किस्से के बारे में…

दरअसल, आज लता मंगेशकर की 94वें बर्थ एनिवर्सरी है। उनका जन्म 28 सितंबर, 1929 को इंदौर में हुआ था। उन्होंने अपने करियर में छह दशकों तक गाने गाए। इस बीच दिवंगत सिंगर लता मंगेशकर ने फिल्मी और नॉन फिल्मी गाने गाए। वो 13 साल की उम्र में घर चलाने के लिए फिल्मों में आई थीं। साल 1942 में उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर का निधन हो गया था। इसके बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। ऐसे में उन्हें ना चाहते हुए भी फिल्मों में आना पड़ा। इसके उन्होंने फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपनी बेहतरीन आवाज की धनी लता मंगेशकर ने अपने करियर में काफी उतार-चढ़ाव देखे लेकिन, वो पल उनके काफी बेहतरीन रहा जब खुद प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरु ने उनसे कहा था, ‘बेटी तुमने रुला दिया।’ ये केवल तारीफ के शब्द नहीं बल्कि उनकी सफलता की निशानी थी।

जब लता मंगेशकर ने गाया ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’

दिवंगत प्रधानमंत्री से जुड़े इस किस्से के बारे में उन्होंने खुद बताया था। लता मंगेशकर ने एक बार CNN IBN से बात की थी। इस दौरान अपने करियर को लेकर ढेरों बात की थी। इस दौरान उन्होंने पंडित जवाहर लाल नेहरू के उन शब्दों का जिक्र किया था, जिसे उन्होंने खुद उनसे कहे थे। ये किस्सा साल 1963 के गणतंत्र दिवस की है। इस सेलिब्रेशन के दौरान लता मंगेशकर ने ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ गाया था। उन्होंने इस गाने को भारत-चीन युद्ध के कुछ समय बाद ही गाया था। जख्म ताजे थे, जिसमें भारत ने अपने बहुत जवान खो दिए थे।

बेटा, आपने मुझे रुला दिया- पीएम जवाहर लाल नेहरू

लता मंगेशकर ने इसी इंटरव्यू में बताया था, ‘ये वो समय जब कोई भी खुश नहीं था। हम दिल्ली में प्रोग्राम के लिए गए थे। उसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और उनके बेटी इंदिरा गांधी समेत बहुत से वीवीआईपी लोग शामिल हुए थे। इस दौरान जब मैंने गाना ऐ मेरे वतन के लोगों गाया था तो उस समय मुझे नहीं लगा कि किसी को ज्यादा पसंद आया है। बस मैंने अपना बेस्ट दिया था। जैसे है मैंने गाने को खत्म किया और अंदर गई। हमारे डायरेक्टर महमूद खान मेरे पास आए और कहा चलो, पीएम बुला रहे हैं। मैं शॉक्ड थी कि क्यों? उन्होंने (महमूद खान) मुझे आराम से खींचा और उनके सामने खड़ा कर दिया। जब पीएम ने मुझे देखा और कहा कि बेटा, आपने मुझे रुला दिया आज। इतना कहा और फिर चले गए।’

आपको बता दें कि लता मंगेशकर ने 6 फरवरी, 2022 को अपनी अंतिम सांस ली थी। उन्होंने 92 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया था। आज वो नहीं हैं लेकिन अपनी आवाज से अमर हैं।