बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर (Kanika Kapoor) कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। कनिका कपूर के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद जहां चारों तरफ हड़कंप मच गई है। वहीं कनिका के इस गैर जिम्मेदारी से भरे रवैये का असर संसद तक पहुंच गया है। कनिका कपूर ने लखनऊ के गैलेंट अपार्टमेंट में एक पार्टी ऑर्गनाइज की थी, जिसमें राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के बेटे और बीजेपी सांसद दुष्यंत सिंह भी पहुंचे थे।
दुष्यंत सिंह के कनिका कपूर के पार्टी में शामिल होने की जानकारी सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मालूम हो कि कनिका कपूर के पार्टी में शामिल होने के बाद दुष्यंत गुरुवार और शुक्रवार को संसद भी पहुंचे थे जिसके चलते ये डर लोगों को सता रहा है कि कहीं कनिका कपूर से ये वायरस अन्य लोगों में न फैल गया हो। इस खबर के वायरल होने के बाद टीएमसी के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने संसद सत्र को स्थगित करने की मांग की है।
डेरेक ओ ब्रायन दो दिन पहले स्थायी समिति की बैठक में दुष्यंत सिंह के बगल में बैठे हुए थे जिसके चलते उन्हें डर सता रहा है। स्थायी समिति की बैठक के दौरान दुष्यंत सिंह ने संसद में कई सांसदों से बातचीत भी की और सेंट्रल हॉल में भी देखे गए थे। फिलहाल दुष्यंत सिंह आइसोलेशन में हैं। बता दें कि पार्टी में पूर्व सांसद अकबर डंपी भी शामिल हुए थे जहां पर 500 से अधिक लोग मौजूद थे।
इस पार्टी में उत्तर प्रदेश के स्वास्थय मंत्री के अलावा कई बड़े अधिकारी शामिल हुए थे ऐसे में ये अटकलें लगनी तेज हो गई हैं कि इस डिनर पार्टी के बाद कनिका कपूर से ये वायरस कितने लोगों में ट्रांसफर हुआ होगा। अगर ऐसा होता है तो फिर लोगों को काफी मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है।
पार्टी के दौरान कनिका कपूर ने वहां पर मौजूद कई लोगों के साथ सेल्फी भी ली थी। हेल्थ डिपार्टमेंट ने कनिका के संपर्क में रहे सभी लोगों को कॉल करते हुए उन्हें सेल्फ आईसोलेट करने के लिये कहा है। कनिका कपूर शालिमार गैलेंट में रहती हैं वहां के निवासियों की बात की जाए तो इस अपार्टमेंट के अधिकतर निवासी अब ये बिल्डिंग छोड़ कर दूसरी जगहों पर जाने लगे हैं।