अभिनेता कमाल आर. खान (KRK) एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने ‘ग्लोबल हंगर इंडेक्स’ पर प्रतिक्रिया दी है और एक तरीके से इसे फर्जी करार दिया है। केआरके ने लिखा कि ‘ग्लोबल हंगर इंडेक्स 2022 में भारत 107वें स्थान पर है। पाकिस्तान 99वें स्थान पर है। नेपाल 81वें स्थान पर है। जबकि बांग्लादेश 121 देशों में 84वें स्थान पर है। मतलब इस लिस्ट में उतनी ही सच्चाई है, जितनी करण जौहर की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’के कलेक्शन में।
आपको बता दें कि केआरके अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। वे बॉलीवुड के सितारों पर निशाना साधने का एक मौका हाथ से जाने नहीं देते। खासकर, सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान से लेकर करण जौहर पर अक्सर हमलावर नजर आते हैं।
केआरके की ताजा टिप्पणी पर तमाम यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ उनका समर्थन कर रहे हैं तो कुछ खिंचाई करते दिख रहे हैं।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
रवि नाम के यूजर ने लिखा कि ‘यह कुछ लोगों के लिए अच्छी खबर है, अब आप पाकिस्तान में जा कर रह सकते हैं’। एक यूजर ने लिखा कि यह अच्छा तरीका निकाला आपने फिल्म का कलेक्शन बताने का। रिया नाम की यूजर ने लिखा कि ‘आप लिखना भूल गए यह लिस्ट उतनी ही सच है जितनी फिल्म देशद्रोही फिल्म की सफलता’। राकेश नाम के यूजर ने लिखा कि ‘आपने आरएसएस ज्वाइन भी कर लिया और बताया भी नहीं’।
क्यों ग्लोबल हंगर इंडेक्स पर है विवाद
ग्लोबल हंगर इंडेक्स (वैश्विक भूख सूचकांक 2022) में भारत की स्थिति काफी खराब बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत छह पायदान नीचे खिसक कर अब 121 देशों में 107वें स्थान पर पहुंच गया है। अफगानिस्तान इस सूची में 109वें स्थान पर है। अगर पड़ोसी देशों की बात करें तो पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, म्यांमार की स्थिति हमसे बेहतर है। 121 देशों की सूची में पाकिस्तान 99वें, श्रीलंका 64वें, बांग्लादेश 84वें, नेपाल 81वें व म्यांमार 71वें स्थान पर है।
उधर, भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने इस रिपोर्ट पर बयान जारी किया है। बयान में कहा गया कि रिपोर्ट में गलत सूचनाएं हैं। बीजेपी के कई नेताओं ने भी इस रिपोर्ट पर उंगली उठाई है।