एक्टर और स्वघोषित फिल्म क्रिटिक 52 वर्षीय कमाल आर खान की मुश्किलें कम होती नजर आ रही हैं। अपमानजनक ट्वीट मामले में मुंबई के बोरीवली में मजिस्ट्रेट अदालत ने 7 सितंबर को केआरके को जमानत दे दी है। उनके वकील अशोक सरावगी ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि केआरके को आज यानी 8 सितंबर को ठाणे जेल से रिहा किया जा सकता है।

बता दें कि केआरके को इस मामले में मलाड पुलिस ने पिछले 30 अगस्त को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था और बोरीवली मजिस्ट्रेट अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। जिसके बाद 3 सितंबर को उन्हें जनवरी 2019 में एक एक्ट्रेस के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में वर्सोवा पुलिस ने जेल से गिरफ्तार किया गया था। एक्ट्रेस का आरोप था कि केआरके ने कथित तौर पर उन्हें एक हिंदी फिल्म में मुख्य भूमिका देने का वादा किया था।

एक्ट्रेस ने कहा था कि साल 2017 में वो मुंबई आई थीं। तभी एक हाउस पार्टी में उनकी मुलाकात केआरके से हुई थी। KRK ने खुद को प्रोड्यूसर बताकर इंट्रोड्यूस कराया था। केआरके ने उनसे वादा किया था कि वो उनको फिल्म ‘कैप्टन नवाब’ में लीड रोल देंगे, जिसमें उनके साथ इमरान हाश्मी होंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। केआरके उन्हें फोन करके भद्दे कमेंट्स करते थे। इसके अलावा शिकायतकर्ता ने केआरके पर उन्हें ड्रिंक में शराब पिलाकर सेक्शुअल फेवर मांगने की का भी आरोप लगाया है।

हालांकि अंधेरी की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने 6 सितंबर को छेड़छाड़ मामले में केआरके को जमानत दे दी थी। एक्ट्रेस ने जून 2021 में वर्सोवा पुलिस से संपर्क किया था जिसके बाद खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

गौरतलब है कि केआरके मार्च 2020 में भारत से दुबई चले गए थे। इसके बाद, अक्षय कुमार की फिल्म लक्ष्मी पर उनके अपमानजनक ट्वीट के लिए मलाड पुलिस स्टेशन द्वारा उनके खिलाफ एक लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। पिछले हफ्ते केआरके को दुबई से लौटने पर सीएसएमआई एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था। एक दिन बाद, उन्हें मलाड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और बोरीवली में एक मजिस्ट्रेट अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

अभिनेता ऋषि कपूर और इरफान खान की मृत्यु से कुछ दिन पहले केआरके ने उनपर भी कथित अपमानजनक टिप्पणियां की थी। जिसके लिए 2020 में बांद्रा पुलिस स्टेशन में खान के खिलाफ तीसरा मामला दर्ज किया गया था।