लखीमपुर में हुई घटना के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मृतक किसान के परिवार वालों से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को गले लगाया, साथ ही प्रशासन से न्याय की भी मांग की। इस दौरान उनके साथ पंजाब व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। प्रियंका व राहुल गांधी के लखीमपुर खीरी से जुड़ा एक वीडियो भी खूब चर्चा में है, जिसमें लोग कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगाते हुए नजर आए। इस वीडियो को साझा कर अब भाजपा प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।
शलभ मणि त्रिपाठी द्वारा ट्विटर पर शेयर किये गए वीडियो में प्रियंका गांधी गाड़ी में बैठे लोगों को अलविदा कहती नजर आईं। तो वहीं आम लोगों ने कांग्रेस और सोनिया गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। इस वीडियो को शेयर करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने लिखा, “देखिए, घंटों के सियासी ड्रामे के बाद लखीमपुर के रास्ते पर मातम मनाया जा रहा है ये।”
शलभ मणि त्रिपाठी ने ट्वीट में निशाना साधते हुए आगे लिखा, “पीछे डिक्की में बैठे चन्नी जी भी बता रहे हैं कि ‘पूरा अच्छा साइन है ये।” भाजपा प्रवक्ता के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर ने भी खूब कमेंट किये। शशिकांत शुक्ला नाम के यूजर ने ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “शर्म करो पहले।”
ओजे नाम के यूजर ने शलभ मणि त्रिपाठी के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “देखो वीभत्सता की पराकाष्ठा, देखो नरंहार का खतरनाक एवं भयानक रूप। गाड़ियां आगे बढ़ीं और कुचतली गईं, मानवता का गला घोंट दिया, लाशें गिरती गईं, पर सत्ता का घमंड नहीं टूटा।” सत्यम पंडित नाम के यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “आप तो आंख बंद करके जाते न श्रीमान?”
आयूष गुप्ता नाम के यूजर ने शलभ मणि त्रिपाठी पर आधा वीडियो शेयर करने के लिए तंज कसा और लिखा, “आदत अनुसार आधा वीडियो डाला गया है, पर कोई बात नहीं। वह बोलते होंगे कि सबसे अच्छा साइन यह है कि यूथ हमारे साथ है। जो कि शत प्रतिशत सही भी है।” वहीं सुमित नाम के यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “यह राजनीतिक गिद्ध हैं, सिर्फ लाश नोचकर ही पेट भरते हैं।”
