नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने अपने क्षेत्र में आने वाले कुछ घरों को तुलसी का पौधा दिया है। उन्होंने इसका वीडियो भी ट्विटर पर पोस्ट किया। वीडियो में वह अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से संपर्क करते नजर आ रहे हैं और उन्हें तुलसी का पौधा देते हैं। मनोज तिवारी के साथ उनके कुछ साथी भी मौजूद हैं। मनोज तिवारी एक महिला को पौधा देने के बाद तस्वीर क्लिक करवाने के लिए कहते हैं। शायद ये कुछ यूजर्स को पसंद भी नहीं आ रहा है।

वीडियो को शेयर करते हुए मनोज तिवारी ने लिखा, ‘आज हमने अपने लोकसभा क्षेत्र के कई घरों में तुलसी जी का पौधा पहुंचाया.. आइये घर में तुलसी लगाएं. इसको आदत बनाएंगे हम और हमारे साथी।’ ट्विटर यूजर्स ने इसके साथ मनोज तिवारी से रोजगार समेत कई अन्य समस्याओं की शिकायत की है। मनोज तिवारी की इस पोस्ट पर कई लोगों ने नाराजगी तक भी जाहिर की है और एक यूजर ने तो यहां तक पूछ लिया कि कोई चुनाव आने वाला है क्या? ट्विटर यूजर श्याम सिंह दहिया लिखते हैं, ‘तुलसी पूजन से गरीबों का पेट नहीं भरता है।’

ट्विटर यूजर जय किशन लिखते हैं, ‘रोजगार उत्पन्न करने के लिए भी कुछ करिए। विशेषकर पढ़े-लिखे ग्रेजुएट इंजीनियर्स के लिए। महंगी फीस, डिग्री होने के बावजूद भी अगर युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा तो इन सबका क्या फायदा?’ सियाराम मीणा नाम के यूजर ने लिखा, ‘भोली-भाली जनता को अब धर्म-कर्म-कांड के पाठ ही पढ़ाए जाएंगे, उन्हें क्या पता नहीं ‘बहुत हुई मंहगाई की मार अबकी बार मोदी सरकार’ का नारा बुलंद कर सत्ता पर काबिज हुई सरकार, आज देश की गिरती अर्थव्यवस्था, घटते रोजगार, बढ़ती महंगाई, बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दाम इनको शायद भूल नहीं पाएगी।’

मनोज तिवारी के पोस्ट पर यूजर्स के कमेंट: ट्विटर यूजर बृजेश मिश्रा लिखते हैं, ‘आप भी जनता से मिलने चले जाते हैं कभी-कभी? चुनाव आने वाला है क्या कोई?’ कैलाश सिंह नाम से ट्विटर यूजर लिखते हैं, ‘हैलो तिवारी जी, 1744 कालोनियां जो अधिकृत करने की घोषणा की थी उसका क्या हुआ? कभी भूलकर भी सोनिया विहार आ जाओ।’ नाइट किंग नाम के ट्विटर यूजर लिखते हैं, ‘न नौकरी दे सकते हो न सस्ता पेट्रोल-डीजल यहां तक कि खाने का तेल भी नहीं। यही सब करते रहिए बस।’