Khesari Lal Yadav: खेसारी लाला यादव भोजपुरी के मशहूर एक्टर होने के साथ-साथ एक जहीन व्यक्ति भी माने जाते हैं। वह किसी के बारे में कुछ कहने के लिए कभी भी कड़े शब्दों का प्रयोग नहीं करते लेकिन एक बार खेसारी लाल योग गुरु बाबा रामदेव पर काफी भड़क गए थे। दरअसल यह वाकया साल 2017 का है जब बिहार बाढ़ से त्रस्त था। बिहार का ज्यादातर इलाका पानी में डूब चुका था। लोग सरकार से लेकर बड़े उद्योगपतियों से मदद की आस लगाए बैठे थे। इसी दौरान खेसारी बाबा रामदेव पर आरोप लगाते हुए कहा था कि, ‘रामदेव नेपाल में भूकंप के दौरान कैंप लगाकर मदद की थी। लेकिन बिहार में बाढ़ के दौरान वह मदद को आगे नहीं आए। खेसारी ने बाबा पर भड़कते हुए यहां तक कह डाला था कि पतंजलि का एक भी सामाना नहीं खाना चाहिए।’

खेसारी ने सिर्फ बाबा रामदेव पर ही नहीं बल्कि देश के उद्योगपति अनिल अंबानी पर भी आरोप लगाते हुए कहा था- ‘गुजरात में भूकंप आने पर करोड़ों रुपए दे आए लेकिन बिहार के लिए एक पैसा नहीं दिया। क्या बिहार भारत में नहीं पड़ता सिर्फ गुजरात ही देश का हिस्सा है। पतंजलि बिहार में नहीं बिकता। मैं बाबा से ये नहीं कहता कि वह यहां शिविर लगाएं लेकिन उनको कुछ तो मदद करना ही चाहिए।’ खेसारी ने इस दौरान पीएम मोदी से लेकर नीतीश और लालू यादव पर भी काफी गुस्सा निकाला था।

बता दें कि खेसारी लाल बिहार के गरीब लोगों की काफी मदद करते हैं। वह अपनी कमाई का काफी हिस्सा लोगों की मदद में लगा देते हैं। यही कारण है कि बिहार के लोग खेसारी को बहुत चाहते हैं। उनकी फिल्में बिहार ही नहीं हिंदी राज्यों में भी काफी अच्छी कमाई करतीं हैं। वह काफी संघर्षों के बाद भोजपुरी के सिंगर और एक्टर बने हैं। खेसारी ने साल 2012 में फिल्म ‘साजन चले ससुराल’ से भोजपुरी इंडस्ट्री में एंट्री मारी थी। इस फिल्म ने उन्हें रातों रात भोजपुरी फिल्मों का सुपर स्टार बना दिया।इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। हाल में उनकी फिल्म कुली नंबर 1 आने वाली है।

(और ENTERTAINMENT NEWS पढ़ें)