भोजपुरी सिनेमा में जोड़ियों का बोलबाला रहा है। खेसारी लाल की काजल राघवानी से, तो पवन सिंह की अक्षरा सिंह से (अब ये जोड़ी टूट चुकी है)। और निरहुआ की आम्रपाली दुबे संग जोड़ी भोजपुरी सिनेमा की हिट जोड़ी में शुमार होती है। दोनों जब भी एक साथ बड़े पर्दे पर आते हैं, लोग उन्हें बेहद पसंद करते हैं। ये जोड़ी बार-बार भोजपुरी फिल्मों में रीपिट क्यों होती है, इसका खुलासा खुद निरहुआ ने किया था।
एक इंटरव्यू के दौरान निरहुआ यानी दिनेश लाल यादव ने खुलासा करते हुए कहा था कि साल 2014 में मेरी और आम्रपाली की फिल्म ‘निरहुआ हिंदुस्तानी’ रिलीज हुई थी।उस फिल्म को लोगों ने खूब प्यार दिया। लोग हमें कहते थे, वे इस फिल्म को देखने बार-बार आ रहे हैं। इससे जुड़ा निरहुआ ने एक किस्सा भी शेयर किया था।
निरहुआ ने बताया था कि एक बार हमसे थिएटर के एक मेंबर ने कहा कि आप इनसे पूछिए कि इन्होंने यह फिल्म कितनी बार देखी है। तो उन्होंने जवाब दिया कि हमने 1 बार फिल्म आपके लिए (निरहुआ के लिए) देखी और बाकी 49 बार सिर्फ आम्रपाली दुबे को देखने के लिए देखी। निरहुआ ने बताया कि इस फिल्म के जरिए मिले प्यार और शानदार रिस्पॉन्स के बाद हमने एक साथ कई फिल्में की। दिनेश लाल ने कहा कि डायरेक्टर्स-प्रोड्यूसर्स को भी हमारी जोड़ी पसंद आयी, तो उन्होंने हमारे साथ कई फिल्में बनायीं और सभी हिट साबित हुई।
गौरतलब है कि करियर के शुरुआती दिनों में निरहुआ की जोड़ी एक्ट्रेस पाखी हेगड़े संग जमती थी। शुरुआत में दोनों की जोड़ी को लोग काफी पसंद करते थे। दोनों ने पाखी हेगड़े संग कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। जब भी इनकी फिल्में रिलीज होती थी सिनेमाघरों में धमाल मचा देती थी। एक वक्त ऐसा था जब प्रोड्यूसर और डायरेक्टर की पहली पसंद पाखी और निरहुआ ही होते थे। फिल्मों में दोनों की केमिस्ट्री को लोग इतना पसंद करते थे कि रियल लाइफ में भी उन्हें पति-पत्नी समझने लगे थे। हालांकि बाद में निरहुआ की जोड़ी आम्रपाली दुबे संग जम गई।