Nirahua Crazy Fan of Karishma Kapoor: भोजपुरी सिनेमा के जुबली स्टार दिनेश लाल यादव को उनके स्क्रीन नेम ‘निरहुआ’ से सारे जहां में जाना जाता है। निरहुआ उनके लिए लकी तब बन गया जब वो करियर में स्ट्रगल कर रहे थे और भोजपुरी म्युजिक वर्ल्ड में किस्मत आजमा रहे हैं। वो समय साल 2003 का है, जब उनका एलबम ‘निरहुआ सटल रहे’ आया और रातों रात ये हिट हो गया, जिसके बाद लोग उन्हें उनके इसी एल्बम के नाम से जानने लगे। आज वो इसी नाम से फिल्म इंडस्ट्री में सैकड़ों गाने ही नहीं बल्कि ढेरों फिल्मे भी बना चुके हैं, जो सुपरहिट साबित हुईं। लेकिन, इस बारे में बहुत कम ही लोगों को पता होगा कि शुरू में उन्हें अपने इस नाम से चिड़ होती थी। चलिए बताते हैं इस किस्से के बारे में।

दरअसल, दिनेश लाल यादव निरहुआ हाल ही में शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी पर्सनल से लेकर प्रोफेशनल लाइफ तक के बारे में काफी कुछ शेयर किया। इसी बीच बातचीत में एक्टर ने बताया कि शुरुआत में जब उन्हें निरहुआ का टैग मिला था तो वो इससे चिड़ जाते थे क्योंकि लगता था कि उन्होंने केवल ये गाना गाया है तो इस नाम से क्यों बुला रहे हैं? वो चाहते थे कि उन्हें उनके असली नाम दिनेश लाल यादव से बुलाया जाए।

दिनेश ने कहा, ‘शुरू में मुझे लगता था कि मैं तो दिनेश लाल यादव हूं। मैंने तो गाना गाया है निरहुआ का तो ये क्या है? हम तो ‘निरहुआ सटल रहे’ गाना बनाए थे लेकिन लोग हम ही को बना दिए निरहुआ। बाद में लगा कि जब ये पहचान बन गई है और जनता उसी नाम से बुला रही है। एक पहचान मिल गई है तो ठीक है। आज इस नाम पर बहुत सारी फिल्म बन गई। निरहुआ रिक्शावाला, निरहुआ चले ससुराल, निरहुआ हिंदुस्तानी, निरहुआ चलल लंदन, निरहुआ लीडर इसी तरह से बहुत सारी फिल्में बनी हैं और अभी कई और फिल्में आ रही हैं।’

करिश्मा कपूर के जबरा फैन हैं निरहुआ, बना दी 4 ब्लॉकबस्टर मूवीज

इसी बातचीत में निरहुआ ने बताया कि वह करिश्मा कपूर के बड़े फैन हैं। उन्होंने बताया कि वह अभिनेत्री को इस कदर पसंद करते हैं कि उनकी फिल्म के नाम पर भोजपुरी में 4 फिल्म बना डाले और चारों की चारों ब्लॉकबस्टर साबित हुईं। निरहुआ से पूछा गया, ‘आपको करिश्मा कपूर को बहुत चाहते हैं तो उनकी कौन सी फिल्म सबसे ज्यादा पसंद है?’ इस पर एक्टर ने बताया, ‘हां हम उनको बहुत पसंद करते हैं। अब सोचिए वो हमें कितनी पसंद हैं कि हमने उनकी राजा हिंदुस्तानी देखकर निरहुआ हिंदुस्तानी बना दिया। ये भोजपुरी की ऐसी पिक्चर है, जिसे 2014 में रिलीज किया गया और इसके बाद भोजपुरी फिल्मों को दूसरी भाषा के लोग भी देखने लगे। फिल्म को 50-50 करोड़ लोग देखे हैं। और भी भाषा के लोगों ने इस फिल्म को देखा और जब मुझसे मिले तो बताया भी कि उन्होंने मेरी वो फिल्म देखी है।’ आपको बता दें कि ‘निरहुआ हिंदुस्तानी’ की चार किस्तें आ चुकी हैं और चारों की चारों हिट रही हैं।

निरहुआ, करिश्मा कपूर को लेकर अपनी दीवानगी जाहिर करते हुए कहते हैं, ‘आलम ये था कि घर की दीवार पर हर इंच पर करिश्मा कपूर की फोटो लगी होती थी। मैं था फैन।’ एक्टर बताते हैं कि वो ‘आए हो मेरी जिंदगी…’ गाने को काफी पसंद करते हैं और आज भी एक्ट्रेस के फैन हैं।

यह भी पढ़ें: ‘जरूरी नहीं खून का रिश्ता जिंदगी में रहने का हकदार हो…’, संजय दत्त की बेटी त्रिशाला की क्रिप्टिक पोस्ट