Election Results 2019: 31अक्टूबर साल 1984 को इंदिरा गांधी की मौत पर पूरा देश गमगीन था। देश की प्रधानमंत्री के साथ घटी ऐसी घटना को लेकर लोगों की आंखों में आंसू थे। इसी दौरान बिहार का एक शख्स भी खूब रोया था। जिसे लोग आज मनोज तिवारी के नाम से जानते हैं। एक इंटरव्यू में मनोज तिवारी ने इस घटना का जिक्र करते हुए बताया था कि वह इंदिरा गांधी की मौत पर काफी दुखी हुए थे। देश की तरह उनकी आंखों में भी आंसू थे। बकौल मनोज तिवारी इंदिरा जी की मौत पर पूरा देश रोया था। मैं भी बहुत दुखी हुआ था और रोया था। मैं सोच भी नहीं पा रहा था कि ऐसी आतंकवादी घटना देश के प्रधानमंत्री के साथ हो सकती है।
बता दें कि इस हादसे को लेकर मनोज तिवारी ने एक गीत भी लिखा था। मजेदार बात यह है कि उन्होंने यह गीत अखबार में छपी खबरों के सहारे लिखी थी। इंदिरा गांधी की मौत पर लिखे इस गीत को कई जगहों पर वह गाया करते थे। लोगों से काफी तारीफें मिलतीं। इसके बाद मनोज तिवारी की पहचान एक ऐसे गायक के रूप में होने लगी थी जो किसी भी मुद्दे पर तुरंत गीत लिख कर गाता था।
मनोज तिवारी के राजनीतिक करियर की बात करें तो साल 2009 में वह समाजवादी पार्टी की तरफ से गोरखपुर में योगी आदित्य नाथ के खिलाफ पहला चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद वह अन्ना हजारे आंदोलन से भी जुड़े रहे। वहीं साल 2014 में मोदी के चेहरे और अमित शाह की अगुवाई में लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की। मनोज तिवारी के इस जीत के बाद उनको दिल्ली अध्यक्ष की कमान सौंप दी गई। इसके साथ ही हाल में लोकसभा चुनाव में एक बार फिर जीत दर्ज कर सत्रहवीं लोकसभा के गठन में अपनी हिस्सेदारी निभाने जा रहे हैं। फिल्मों की बात करें तो फिल्म ‘ससुरा बड़ा पैसावाला’ बनाकर भोजपुरी फिल्म को पूरे देश में एक नई पहचान दिलाई। बंधन टूटे ना, धरतीपुत्र, दरोगा बाबु आई लव यू , दामाद जी, देहाती बाबु, नैहर के मारो पिया के चुनारी उनकी सुपरहिट फिल्में रहीं हैं।