‘भोजपुरी बहुत ही प्यार बोली है। जो यहां का कल्चर है वह बहुत ही खूबसूरत है।’  साल 2019 के अपने एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस गुंजन पंत ने भोजपुरी को लेकर यही बात कही थी। लेकिन एक समय ऐसा भी रहा जब इस भोजपुरी भाषा से गुंजन पंत का दूर-दूर तक नाता नहीं था। ऐसी कोई भाषा भी होती है, उनको ये भी पता नहीं था। वह कहती हैं कि जब उनको भोजपुरी फिल्मों में रोल ऑफर हुआ तब इस भाषा का नाम तक नहीं सुना था।

मध्य प्रदेश के भोपाल से ताल्लुक रखने वाली एक्ट्रेस गुंजन पंत आज भोजपुरी सिनेमा की सुपरहिट एक्ट्रेस में शुमार हो चुकी हैं। भोजपुरी सिनेमा में लगभग हर बड़े स्टार के साथ गुंजन पंत काम कर चुकी हैं। भोजपुरी सिनेमा में कैसे आना हुआ, एशियानेट न्यूज को दिए इंटरव्यू में गुंजन पंत ने कहा कि वह बचपन से ही डॉक्टर बनने का ख्वाब देखा करती थीं, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। वह डॉक्टर तो नहीं बनीं लेकिन भोजपुरी हीरोइन बन गईं।

साल 2008 में भोजपुरी सिनेमा में डेब्यू करने वालीं गुंजन पंत की मानें तो डॉक्टर बनते-बनते कब भोजपुरी एक्ट्रेस बन गई उन्हें खुद नहीं पता चला। गुंजन कॉलेज के दिनों में ही एक्स्ट्रा एक्टिविटीज में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेती थीं। वह बताती हैं- ‘जब मैं भोपाल में थी तो मुझे ये भी नहीं पता था कि भोजपुरी भी कोई भाषा होती थी। मैनें तो भोजपुरी के नाम पर ‘खइके पान बनारस वाला’ जैसे गाने सुने थे।’

एक्टिंग की ऐसे हुई थी शुरुआतः दूरदर्शन के एक शो के सिलसिले में गुंजन मुंबई आई हुई थीं। उनके एक परिचित ने उन्हें म्यूजिक कंपनी वीनस के ऑफिस जाने को कहा जहां किसी एल्बम की शूटिंग हो रही थी। गुंजन का भी ऑडिशन हुआ और वह चुन ली गईं। गुंजन बताती हैं कि एल्बम शूट होने के बाद वापस भोपाल आ गईं। और एक शो को लेकर दोबार मुंबई गईं। यहां उन्हें ‘जिंदगी एक सफर’ शो में काम मिल गया।

ऐसे मिला भोजपुरी में कामः गुंजन के मुताबिक सीरियल करने के दौरान ही उनको एक फिल्म ऑफर हुआ। वह हां बोल दीं। लेकिन जब डायरेक्टर ने पूछा कि आपको भोजपुरी तो आती है ना तो गुंजन पंत शॉक्ड रह गई थीं। हिचकिचाते हुए बोलीं भोजपुरी तो आती नहीं। इसके बाद डायरेक्टर्स ने कहा कि आप हमारे किरदार के लिए फिट हैं तो हम आपको सिखा देंगे और यहां से मैनें काम करना शुरू किया।

गुंजन के भोजपुरी फिल्मों की बात की जाए तो वह ‘कहर’, ‘ऐक्शन क्वीन मधुबाला का बदला’ और ‘ये इश्क बड़ा बेदर्दी है’ में अपनी मुख्य भूमिकाओं के लिए जानी जाती हैं।