भोजपुरी सिनेमा के अमिताभ बच्चन कहे जाने वाल एक्टर रवि किशन (Ravi Kishan) एक्टिंग से लेकर राजनीतिक गलियारों तक का सफर तय कर चुके हैं। वो गोरखपुर से सांसद हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव 2024 में उन्हें एक बार फिर से बीजेपी के टिकट पर गोरखपुर से उम्मीदवार बनाया गया और उन्होंने बीते दिन ही नॉमिनेशन फाइल कर दिया है। इसमें उन्होंने अपनी संपत्ति का ब्योरा दिया है, जो कि करोड़ों में है। एक समय था जब वो मुंबई आए थे तो उनकी जेब में महज 500 रुपए थे और यहां उन्होंने दर-दर की ठोकरें खाई थी। लेकिन, आज उनके पास खूब दौलत और शोहरत है।

अगर हलफनामे के अनुसार रवि किशन की प्रॉपर्टी के बारे में बात की जाए तो 55 साल के एक्टर के पास करीब 14.96 करोड़ की चल संपत्ति और करीब 20.70 करोड़ की अचल संपत्ति है। इसमें उनकी पुश्तैनी संपत्ति को भी शामिल किया गया है, जो कि करीब 2.55 करोड़ रुपए बताई जा रही है। वहीं, पत्नी प्रीति शुक्ला की संपत्ति का भी ब्योरा दिया है। उनके पास 4.25 करोड़ की अचल संपत्ति है।

इतना ही नहीं, सोने-चांदी की भी डिटेल दी गई है। हलफनामे के अनुसार, रवि किशन के पास 318 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 9.38 लाख रुपए है। इसके अलावा पत्नी के पास 210 ग्राम सोना है।

आलीशान घर और लग्जरी गाड़ी के हैं मालिक

इसके साथ ही रवि किशन के पास आलीशान घर और लग्जरी गाड़ियां भी हैं। उनके पास मुंबई से लेकर गोरखपुर तक में 11 घर हैं। इनकी कीमत करोड़ों में है। उनके पास मुंबई में अंधेरी वेस्ट, पुणे के स्काई विमान नगर, मुंबई के जोगेश्वरी, ओशिवारा, गोरोगांव वेस्ट समेत गोरखपुर और जौनपुर में आलीशान बंगला और फ्लैट हैं।

वहीं, उनकी कार कलेक्शन की बात करें तो भोजपुरी स्टार के पास मर्सिडीज बेंज, बीएमडब्ल्यू, जैगुआर फेपास, स्ट्रीट बॉब, फॉर्च्यूनर और इनोवा जैसी लग्जरी गाड़ियां हैं। यही नहीं बताया जा रहा है कि एक्टर के ऊपर 1.68 करोड़ का कर्ज है।

कभी 500 रुपए लेकर घर से भागे थे रवि किशन

बहरहाल, रवि किशन के संघर्षों के दिनों की बात की जाए तो वो बचपन से ही एक्टर बनने का सपना देखते थे। वो गांव की रामलीला में सीता को रोल प्ले किया करते थे। जबकि उनके पिता उन्हें अफसर बनते हुए देखना चाहते थे। जब पिता को पता चला कि वो सीता का रोल प्ले करते हैं तो उन्हें उनके पिता ने खूब पीटा था फिर मां ने उन्हें 500 रुपए देकर भगा दिया था। वहीं से एक्टर मुंबई आ गए थे और एक्टिंग में आने के लिए संघर्ष में जुट गए थे। यहां उन्होंने दर-दर की ठोकरें खाई थी। फिर बॉलीवुड में फिल्म ‘पीताम्बर’ में काम मिला। उन्होंने बॉलीवुड, भोजपुरी और साउथ सिनेमा में काम किया है। साथ ही ओटीटी पर भी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके हैं।