दिग्गज एक्टर कमल हासन राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। कमल हासन के अलावा, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार के सदस्यों और कांग्रेस के शीर्ष नेता भी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली चरण में शामिल हुए। कमल हासन इन दिनों इंडियन 2 की शूटिंग कर रहे हैं, काम से समय निकालकर कमल इस यात्रा में शामिल हुए। भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी में शुरू हुई थी और आज दिल्ली में हो रही है।

कई सेलेब्स भारत जोड़ो यात्रा में हो चुके हैं शामिल

भारत जोड़ो यात्रा ने 16 दिसंबर को 100 दिन पूरे कर लिये। इस यात्रा में पूजा भट्ट, स्वरा भास्कर, अमोल पालेकर, रिया सेन, सुशांत सिंह, रश्मि देसाई और ओनिर जैसी कई हस्तियां शामिल हो चुकी हैं। भारत जोड़ो यात्रा में 40 से 50 हजार तक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। राहुल गांधी इस दौरान सभी लोगों को संबोधित भी करेंगे।

कमल हास ने एक वीडियो शेयर करते हुए जानकारी दी थी कि राहुल गांधी ने उन्हें एक राजनेता के रूप में नहीं बल्कि भारत के एक नागरिक के रूप में यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रण भेजा था।

सोशल मीडिया पर राहुल गांधी और कमल हासन की तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं।

राहुल गांधी ने कहा- ये है असली हिंदुस्तान

दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा पर राहुल गांधी ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य “वास्तविक हिंदुस्तान” का प्रदर्शन करना है, जहां लोग एक-दूसरे की मदद करते हैं। गांधी ने कहा- “इस यात्रा में कोई नफ़रत नहीं है। कोई गिरता है तो सब उसकी मदद करते हैं। यही असली हिन्दुस्तान है। भाजपा और आरएसएस के नफरत भरे हिंदुस्तान का नहीं। ”

राहुल गांधी ने रैली को प्यार और समर्थन देने वाले ‘लाखों लोगों’ का भी शुक्रिया अदा किया।