Assembly Election 2021, Manoj Tiwari: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आजतक की एंकर चित्रा त्रिपाठी मनोज तिवारी को लेकर एक चाय की टिपरी पर पहुंचीं और वहां पर राजनीतिक चर्चा की। वहीं मनोज तिवारी का भी इस बीच अलग अंदाज दिखा। दरअसल, पश्चिम बंगाल में चुनावों को लेकर राजनैतिक पार्टियों ने अपनी अपनी कमर कस ली हैं, ममता बनर्जी इस दौरान कभी गरीबों में चाय बांटतीं तो कभी चंडी पाठ करती नजर आईं। तो वहीं मनोज तिवारी भी बांग्ला गीत गुनगुनाते दिखे। ऐसे में चित्रा त्रिपाठी ने मनोज तिवारी से सीधा सवाल कर डाला। बंगाल में मुसलमान आपको वोट क्यों करें?
चित्रा त्रिपाठी ने बीजेपी नेता मनोज तिवारी से पूछा- ‘ये बताइए, जय श्रीराम का नारा और बाकी आप तो हिंदुओं की पार्टी मानी जाती हैं ना?’ इस पर मनोज तिवारी हंसते हैं और कहते हैं- ‘नहीं-नहीं क्या बात करते हैं, मुसलमान को थोड़े ही कहा गया है कि जय श्रीराम कहो। वो अल्लाह हू अकबर कहें, व आजान करें। कहां किसी को रुकावट है? सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास।’
इस पर चित्रा पूछती हैं- ‘भरोसा पैदा हो रहा है मुस्लिम वर्ग में?’ जवाब में मनोज कहते हैं- ‘बिलकुल हो रहा है, अगर जो नहीं होता तो क्या श्रीनगर में हमारे कैंडिडेट जीतकर आते?’ Manoj Tiwari ने आगे कहा- ‘हम तो पहले से ही सबका साथ सबका विकास की धुन रखते हैं। हम कम्युनिटी को लेकर कभी भी कोई अंतर नहीं रखते।’
कोलकाता में संघर्ष के दिनों को याद करके कौन सा गाना सुनाया @ManojTiwariMP ने- https://t.co/ySHlmHz0zn
— Chitra Tripathi (@chitraaum) March 21, 2021
पीएम मोदी की तरह ममता बनर्जी ने भी चाय बांटी इस सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा- ‘दीदी को सबका खयाल रखना चाहिए था। उनको शुरू से ही ये करना चाहिए था।’
उन्होंने आगे कहा- ‘दीदी को चायवालों का दर्द भी समझना चाहिए था, दीदी को ठेले वालों का भी दर्द समझना चाहिए था। दीदी को पश्चिम बंगाल के किसानों का भी दर्द समझना चाहिए था। जब मोदी जी करेंगे क्या तभी दीदी करेंगी?वो भी चुनाव में करेंगी?’
इस बीच मनोज तिवारी बांग्ला गाना भी गाता हैं- ‘दया कौरो मां दया कौरो मां। गाने में वह किसानों, मजदूरों और पश्चिम बंगाल की व्यथा को लेकर गाना गाते दिखते हैं।’