सीमा विवाद को लेकर सोमवार को असम-मिजोरम सीमा पर हिंसा भड़क उठी जिसमें असम के 6 जवानों को अपनी जान गंवानी पड़ी। ऐसे में सोशल मीडिया पर घटना को लेकर गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा जा रहा है। वहीं पीएम मोदी को भी खरी खोटी सुनाई जा रही है। दरअसल, गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को ही असम-मिजोरम सीमा पर तनाव के बाद शांति बहाल करने के लिए और मामले में हस्तक्षेप करने के लिए पहुंचे थे।

सूत्रों ने बताया कि दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शाह से बात की और दोनों राज्यों के बीच मुद्दों को हल करने के लिए सहमत हुए। इसको लेकर अब सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूटने लगा। वहीं समाजवादी पार्टी से लेकर कांग्रेस पार्टी के नेता औऱ पत्रकारों ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा।

सपा नेता आईपी सिंह ने एक ट्वीट करते हुए घटना पर कहा- ‘प्रधानमंत्री और गृहमंत्री इस्तीफा दें। डबल इंजन की सरकार में दो राज्यों की सीमा पर खूनी संघर्ष बता रहा है कि देश गृह युद्ध की तरफ चला गया है। अबतक का सबसे फेल गृहमंत्री साबित हुए हैं अमित शाह। 6 जवान शहीद हो गए और अनेकों जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे है। अमित शाह दौरे पर थे।’

कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने भी अमित शाह का एक वीडियो शेयर करते हुए कहा- ‘धूल हटी और असम पुलिस के 6 जवान मारे गए? वरिष्ठ पत्रकार पुण्य प्रसून बाजपेयी ने सवाल पूछते हुए कहा – ‘असम पुलिस के छह जवानों की मौत। असम-मिजोरम सीमा पर राज्यों का टकराव। असम/मिज़ोरम/केन्द्र सभी जगह बीजेपी सत्ता। अब?’

वहीं पत्रकार अजीत अंजुम ने पत्रकार रणविजय सिंह का पोस्ट शेयर किया जिसमें लिखा था- ‘दो राज्यों के बीच विवाद में अगर पुलिस के जवान मर रहे हैं तो ये किसकी नाकामी है? 6 जवानों की मौत के लिए कौन जिम्मेदार है? किसी को तो जिम्मेदारी लेनी चाहिए। चाहे मुख्यमंत्री या देश के गृहमंत्री।’ इस पर कटाक्ष करते हुए अजीत अंजुम बोले- ‘राहुल गांधी की जिम्मेदारी है सिंपल।’

बता दें, कछार जिले में अंतर-राज्यीय सीमा पर मिजोरम की ओर से उपद्रवियों द्वारा गोलीबारी की गई। जिसमें 6 जवानों की मौत हो गई, वहीं 50 से अधिक घायल हुए हैं। इस घटना के बाद दोनों राज्यों के बीच तनाव और बढ़ गया है।