महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में 20 से ज्यादा विधायक सूरत के एक होटल में शिफ्ट हो गए हैं। सत्ताधारी पार्टी का आरोप है कि बीजेपी उनकी सरकार गिराने की साजिश रच रही है। सोशल मीडिया पर भी इस मसले पर बहस छिड़ गई है। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने महाराष्ट्र के सियासी संकट के बहाने संजय राउत पर तंज कसा है। तो वहीं, कुणाल कामरा ने कहा है कि ‘अग्निवीर’ से ध्यान भटकाने के लिए ये सब किया जा रहा है।
अशोक पंडित ने लिखा,”लगता है उखाड़ने वाले खुद उखड़ रहे हैं।” उधर, कुणाल कामरा ने लिखा,”भारतीय सेना के मुद्दे से भटकाने के लिए शिवसेना का उपयोग…”। दोनों के ट्वीट पर यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। आनंद कुलकर्णी ने लिखा,”उन्होंने पिछले चुनाव के बाद सत्ता में आने के लिए सभी समझौते किए, अब कर्म का फल मिल रहा है। व्यास ने लिखा,” उपर वाले के यहां देर है अंधेर नहीं। घमंड तो रावण का भी ना रहा।”
मनीष शर्मा नाम के यूजर ने लिखा,”सही है, अग्निवीर मुद्दे से भटकाने के लिए भाजपा के कहने पर कांग्रेस और शिवसेना के MLA गायब हो गए। भाजपा की इतनी ही मानते तो विरोध में वोट ही नहीं करते।” वहीं कुछ लोगों ने कुणाल को उनका पुराना ट्वीट याद दिलाया, जिसमें उन्होंने कहा था,”पहले महाराष्ट्र में सरकार बनाओ, फिर मैं अपने आप को जेल में डाल दूंगा।”
क्या है मामला? आपको बता दें कि महाराष्ट्र में शिवसेना विधायक और मंत्री एकनाथ शिंदे, शिवसेना के करीब 25 विधायकों को लेकर सूरत चले गए हैं। एकनाथ शिंदे को लेकर कहा जा रहा है कि वे 25 बागी विधायकों के साथ सूबे की राजनीति में कोई खेल करने की तैयारी में हैं।
शिवसेना ने भाजपा पर लगाया आरोप: शिवसेना नेता संजय राउत का कहना है कि सूरत में उनके विधायकों को डरा-धमका कर रखा गया है। भाजपा ऑपरेशन लोटस की तरह रणनीति अपना रही है। संजय राउत ने कहा कि विधायकों से बात हो गई है, शिंदे अभी भी हमारे साथ हैं। बस कुछ गलतफहमी है जो दूर हो जाएंगी।
हालांकि सूत्रों की मानें तो शिंदे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस से गठबंधन तोड़ने के बाद भाजपा संग गठबंधन की शर्त रखी है। कहा ये भी जा रहा है कि एकनाथ शिंदे खुद मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं।