कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मानहानि के मामले में सूरत की एक अदालत द्वारा 2 साल की सजा सुनाये जाने के बाद उन्हें लोकसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य ठहराया गया है। अब अगर राहुल गांधी को ऊपरी अदालत से राहत नहीं मिली तो जनप्रतिनिधि कानून के मुताबिक राहुल गांधी पर छह साल के लिए चुनाव लड़ने पर भी रोक लग जाएगी।
वहीं इस मामले को लेकर अब उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रियंका गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि क्या बीजेपी भ्रष्टाचारियों का समर्थन करती है? इसी के साथ प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी रगों में शहीदों का खून है, जो इस देश के लिए बहा है। अब इस पर जानेमाने फिल्ममेकर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
प्रियंका गांधी पर भड़के अशोक पंडित
दरअसल काग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘हमारी रगों में शहीदों का खून है, जो इस देश के लिए बहा है। हम डट कर लड़ेंगे, हम डरने वाले नहीं हैं। राहुल गांधी जी के अडानी- मोदी के संबंधों पर सरकार जवाब देना नहीं चाहती और उनके ख़िलाफ़ कार्यवाही उसी का नतीजा है।’
इस पर फिल्ममेकर अशोक पंडित ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि ‘मैडम आपके रगों में शहीदों का खून नहीं है बल्कि आपके हाथ सिखों के खून से लथपथ हैं। अपनी ही ग़लत नीतियों के वजह से जान गवाने वालों को शहीद नहीं कहते हैं। भारत अंग्रेजों की मानसिकता से नहीं चल सकता। यह नया भारत है जहां हर भारतवासी राज कर रहा है।’
प्रियंका गांधी का ट्वीट
इसी के साथ प्रियंका गांधी ने अपने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि ‘नीरव मोदी घोटाला- 14,000 Cr ललित मोदी घोटाला- 425 Cr, मेहुल चोकसी घोटाला- 13,500 Cr, जिन लोगों ने देश का पैसा लूटा, बीजेपी उनके बचाव में क्यों उतरी है? जांच से क्यों भाग रही है? जो लोग इस पर सवाल उठा रहे हैं उन पर मुकदमे लादे जाते हैं. क्या बीजेपी भ्रष्टाचारियों का समर्थन करती है?’
राहुल गांधी ने क्या कहा था
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के दौरान रांची के मोराबादी मैदान में रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि सभी मोदी नाम वाले चोर होते हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक चुनावी जनसभा में राहुल गांधी ने कहा था कि ”मुझे एक बात बताएं, नीरव मोदी, ललित मोदी, नरेन्द्र मोदी सभी के नाम में मोदी कैसे है। कैसे सभी चोरों के नाम में मोदी हैं।”