साउथ एक्टर प्रभास स्टारर फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को पिछले महीने ही सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी खासी कमाई की थी। इसमें ‘बाहुबली’ स्टार की एक्टिंग को लोगों ने खूब सराहा। वहीं, इसमें उनके साथ दीपिका पादुकोण, कमल हासन और अमिताभ बच्चन जैसे स्टार्स भी थे। सभी किरदारों को दर्शकों और क्रिटिक्स से भरपूर प्यार मिला है। ऐसे में अब बॉलीवुड एक्टर अरशद वारसी ने फिल्म और प्रभास को लेकर बात की। उन्होंने फिल्म का रिव्यू देते हुए प्रभास के किरदार की आलोचना की और कहा कि वो इसमें एक जोकर जैसे लग रहे थे। चलिए बताते हैं एक्टर ने क्या कुछ कहा है।
दरअसल, अरशद वारसी एक्टिंग के साथ-साथ अपनी बेबाकी के लिए भी जाने जाते हैं। वो अपनी बात रखने से जरा भी नहीं कतराते हैं। ऐसे में हाल ही में वो समदीश भाटिया के साथ एक नए पॉडकास्ट में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी लाइफ, करियर और यहां तक कि हाल ही में देखी गई फिल्मों के बारे में बात की। इसी बीच एक्टर ने ‘कल्कि 2898 एडी’ में प्रभास की रोल की आलोचना की।
अरशद वारसी ने फिल्म के बारे में बात करते हुए सबसे पहले अमिताभ बच्चन की एक्टिंग की तारीफ की। बॉलीवुड एक्टर ने कहा कि उन्होंने कल्कि देखी है और उन्हें वो फिल्म अच्छी नहीं लगी। वो आगे बताते हैं कि उन्हें बहुत तकलीफ होती है जब अमिताभ दिमाग उड़ा देने वाली आवाज में बोल रहे थे। वो उन्हें समझ नहीं पा रहे हैं और कहते हैं कि उनके जैसी ताकत सभी को मिल जाए तो लाइफ बन जाए। वो कमाल हैं।
अरशद वारसी ने प्रभास को बताया ‘जोकर’
इसके साथ ही अरशद वारसी ने ‘कल्कि’ में प्रभास के किरदार को लेकर भी बात की है। उन्होंने फिल्म की आलोचना तो की ही साथ ही कहा कि उन्हें प्रभास का किरदार नहीं पसंद आया। इसे लेकर एक्टर ने कहा कि वो प्रभास से दुखी हैं। वो फिल्म में एक जोकर के जैसे लग रहे थे। क्यों? अरशद ने कहा कि वो मैड मैक्स देखना चाहते हैं। वो वहां मेल गिब्सन को देखना चाहते हैं। एक्टर ने मेकर्स पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन लोगों ने उन्हें (प्रभास) को क्या बना दिया। अरशद ने सवाल किया कि क्यों करते हैं ऐसा उन्हें समझ नहीं आता है।
फिल्म ने की रिकॉर्ड तोड़ कमाई
आपको बता दें कि नाग अश्विन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में प्रभास, दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन और कमल हासन समेत कई अन्य सेलेब्स अहम रोल में है। फिल्म की कहानी हिंदू महाकाव्य महाभारत की कथा से प्रेरित एक डायस्टोपियन साइंस-फाई थी। फिल्म ने दुनियाभर में कमाल का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था। इसने रिकॉर्ड बना दिया था। मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर 1100 करोड़ का कलेक्शन किया है।
अरशद वारसी ने इन फिल्मों की तारीफ की
इसके साथ ही अरशद वारसी ने कई फिल्मों की तारीफ भी की है। उन्होंने हाल ही में देखी अन्य फिल्मों की बात की और राजकुमार राव की ‘श्रीकांत’ की जमकर तारीफ की। इतना ही नहीं, एक्टर ने ‘मुंज्या’ और ‘किल’ देखने में भी दिलचस्पी दिखाई। अगर एक्टर के प्रोफेशनल फ्रंट की बात की जाए तो वो आखिरी बार वेब सीरीज ‘असुर’ और ‘मॉडर्न लव मुंबई’ में नजर आए थे। इसके अलावा एक्टर ‘जॉली एलएलबी’ के तीसरे पार्ट में अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगे।
