Arnab Goswami: अर्नब गोस्वामी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस पर कंगना रनौत का रिएक्शन सामने आया है। कंगना रनौत ने कहा कि ‘मैं महाराष्ट्र सरकार से पूछना चाहती हूं कि वह कितनी आवाज बंद करेंगे। ये मुंह बढ़ते जाएंगे।’ तो वहीं सुशांत सिंह राजपूत के दोस्त गणेश ने भी मुंबई पुलिस के एक्शन पर सवाल उठाए औऱ कहा कि ‘घर में घुसकर अभद्रता करने की परमिशन मुंबई पुलिस को किसने दी?’

इसके अलावा बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने भी इस घटना पर रिएक्ट किया है। उन्होंने कहा कि ‘दमन के रास्ते पर महाराष्ट्र सरकार चल पड़ी है, अघाड़ी सरकार ने बहुत खतरनाक कदम उठाया है। देश की भावना रिपब्लिक टीवी के साथ है।’ इस घटना पर सोशल मीडिया पर यूजर्स के रिएक्शन भी सामने आ रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- ‘लोकतंत्र की हत्या हो गई है- कहने वाली सोनिया क्या खुद अर्नब गोस्वामी को गिरफ्तार करके लोकतंत्र की हत्या नहीं कर रही है?

कांग्रेस नेतृत्व वाली UPA की सरकार है वहां..’। एक यूजर ने लिखा- ‘हिंदुत्व के लिए बोलने पर रिपब्लिक चैनल के अर्नब गोस्वामी गिरफ्तार, वो हिन्दु सन्यासियों की हत्या, सुशांत सिंह राजपूत, ड्रग्स माफिया, बॉलीवुड माफिया से अकेले लड़ रहे हैं, आज वो मुसीबत में हैं, तो हम लोग क्या कर रहे हैं ? क्या ऐसे ही बनाएंगे हिंदूराज?’

बता दें, रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। अर्नब ने आरोप लगाया कि मुंबई पुलिस ने उनके साथ मारपीट भी की। बताया गया है कि मुंबई पुलिस आज सुबह ही अर्नब को हिरासत में लेने के लिए उनके घर पहुंच गई थी। रिपब्लिक टीवी ने इस पूरी घटना के विजुअल टेलीकास्ट किए।

पुलिस और अर्नब गोस्वामी के बीच इस दौरान धक्का मुक्की भी होती दिखी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्नब को इंटीरियर डिजाइनर अनवय नाइक और उनकी मां कुमुद नाइक की 2018 में हुई मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया है। कुछ वक्त पहले अर्नब पर कथित टीआरपी धोखाधड़ी के मामले में भी एक केस दर्ज हुआ था।