कांग्रेस द्वारा ट्विटर पर शेयर की गई आग लगी हुई खाकी निक्कर की तस्वीर को लेकर सियासत शुरू हो गई है। भाजपा और आरएसएस का आरोप है कि ये हिंसा को भड़काने की कोशिश है। इसी बीच कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कटाक्ष करते हुए एक ट्वीट किया है, जिसे लेकर फिल्ममेकर अशोक पंडित भड़क गए हैं।

पवन खेड़ा ने लिखा,”सुना है देश को जलाने वाले, आज एक निक्कर की जलती हुई फोटो देख कर उत्तेजित हो रहे हैं।” जिसपर पलटवार करते हुए अशोक पंडित ने लिखा,”1947 से आज तक देश को जलाने के अलावा आपकी पार्टी ने किया ही क्या है खेड़ा साहब? सिखों के नरसंहार के दृश्य आज भी याद कर के रूह कांप जाती है। कुछ तो शर्म करिए।”

इससे पहले अशोक पंडित ने कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल द्वारा साझा किये गए खाकी निक्कर वाले ट्वीट पर भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा था,”खाकी सुरक्षा कर्मियों का प्रतिनिधित्व करती है, लेकिन कांग्रेस मातृभूमि के लिए उनके बलिदान का अपमान करती है। उनके परिवारों को गाली देती है, जिन्होंने हमारी रक्षा के लिए अपनों को खो दिया है। शर्म आनी चाहिए राहुल गांधी एंड पार्टी। देश 2024 में तुम्हें इसी आग से बर्बाद कर देगा।”

एक्ट्रेस ने भी किया था सवाल
बता दें कि कांग्रेस द्वारा खाकी निक्कर पर आग लगी तस्वीर शेयर करने पर एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा ने भी सवाल उठाया था। कांग्रेस की पोस्ट को शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने लिखा था,”क्या कांग्रेस आरएसएस को जलाने का संदेश दे रही है? क्या कांग्रेस हिंसा का आह्वान कर रही है ? क्या नफरत फैलाने की इजाजत दी जा सकती है? इतनी नफरत कहां से लाते हैं? ये कैसी मानसिकता है?”

कांग्रेस का ट्वीट
कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर जलते खाकी निक्कर की तस्वीर के साथ कैप्शन लिखा गया था,’देश को नफरत की बेड़ियों से मुक्त कराना है और भाजपा-आरएसएस द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई करनी है। एक-एक करके हम अपने लक्ष्य तक पहुंचेंगे। #भारतजोड़ोयात्रा।”