गोवा कांग्रेस के आठ विधायकों ने 14 सितंबर को अपनी पार्टी छोड़ बीजेपी में शामिल होने का फैसला ले लिया है। इसे कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के बीच कांग्रेस विधायकों के भाजपा ज्वाइन करने पर तमाम लोग इसपर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा ने भी ट्विटर पर अपना रिएक्शन दिया है। उनके अलावा फिल्म डायरेक्टर अशोक पंडित ने कांग्रेस विधायकों के बीजेपी में शामिल होने को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का प्रभाव बताया है।
शर्लिन चोपड़ा ने ट्विटर पर इस खबर को शेयर करते हुए लिखा,’ये क्या हो रहा है? ये दुःख काहे खतम नहीं होता?’ एक्ट्रेस ने एक अन्य ट्वीट में राहुल गांधी की तस्वीर साझा करते हुए पूछा ‘पार्टी जोड़ो यात्रा कब से शुरू कर रहे हैं?’
फिल्ममेकर ने भी ली चुटकी
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने लिखा,’भारत जोड़ो यात्रा का प्रभाव… गोवा के आठ कांग्रेस विधायक- दिगंबर कामत समेत, माइकल लोबो, दलीला लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नाइक, संकल्प अमोनकर, अलेक्सो सिकेरा और रुडोल्फ फर्नांडीस आज बीजेपी ज्वाइन कर रहे हैं। जय हो…।’
कांग्रेस विधायकों के बीजेपी में शामिल होने पर तमाम यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सौरव चौधरी ने लिखा,”अभी तो खेल शुरू हुआ है, फुल पिक्चर अभी बाकी है।” संजय नाम के यूजर ने लिखा,”कांग्रेसियों के बीच ‘कांग्रेस छोड़ो’ बेहद ट्रेंड कर रहा है, असल में ये ‘भारत जोड़ो यात्रा’ नहीं बल्कि ‘कांग्रेस जोड़ो यात्रा’ है।”
कांग्रेस पर हमलावर रही हैं शर्लिन
शर्लिन चोपड़ा पहले भी कांग्रेस पर हमलावर रही हैं। दरअसल, एक ट्वीट में काग्रेस ने खाकी निक्कर को जलाते हुए दिखाया था और लिखा था,”देश को नफरत की बेड़ियों से मुक्त करना और भाजपा-आरएसएस द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई करना। कदम दर कदम हम अपने लक्ष्य तक पहुंचेंगे।”
इसे शेयर करते हुए शर्लिन ने लिखा था,”क्या कांग्रेस आरएसएस को जलाने का संदेश दे रही है? क्या कांग्रेस हिंसा का आह्वान कर रही है ? क्या नफरत फैलाने की इजाजत दी जा सकती है? इतनी नफरत कहां से लाते हैं? ये कैसी मानसिकता है?