दिल्ली में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को भ्रष्टाचार के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया है। इसी बीच अमानतुल्लाह के घर छापेमारी के दौरान का एक वीडियो सामने आया है।

इस वीडियो में आप विधायक अमानतुल्ला खान के समर्थक जामिया नगर में उनके आवास पर एसीबी के एक अधिकारी के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं। एसीबी ने मारपीट की घटना का एक वीडियो भी जारी किया है। इस घटना पर सोशल पर तमाम लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी टिप्पणी की है।

अशोक पंडित ने क्या लिखा है?

फिल्ममेकर अशोक पंडित ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘ये हमारे देश के भीतर दुश्मन हैं, जो स्लीपर सेल के सदस्य हैं। हमारे अधिकारियों के साथ सड़क पर इस तरह का बर्ताव बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। जिसने भी यह सब किया है उन सभी को गिरफ्तार सलाखों के पीछे डाल देना चाहिए, सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए’।

लोगों ने दी प्रतिक्रियाएं

अशोक पंडित के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। रोहित नाम के यूजर ने लिखा कि ‘बुलडोजर बाबा दिल्ली बुला रहा है आपको’। पंकज नाम के यूजर ने लिखा कि ‘पंडित जी बस लॉ ही तो कमज़ोर है। खौफ होना चाहिए खौफ’। राम नाम के यूजर ने लिखा कि ‘यदि इन्हें दंडित नहीं किया गया तो वे सोच सकते हैं कि यह एक शुरुआत है’।

अमानतुल्लाह खान पर क्या है आरोप?

बता दें कि अमानतुल्लाह खान दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष हैं। उन पर वक्फ बोर्ड के कामकाज में वित्तीय हेराफेरी और दूसरी अनियमितताओं का आरोप है। एंटी करप्शन ब्यूरो का कहना है कि अमानतुल्लाह ने दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के पद पर रहते हुए 32 लोगों को अवैध तरीके से भर्ती किया है। उन पर भ्रष्टाचार और पक्षपात करने का भी आरोप लगाया गया है।

इसी के साथ उन पर अवैध रूप से दिल्ली वक्फ बोर्ड की कई संपत्तियों को किराए पर दिए जाने भी आरोप है। एसीबी ने अमानतुल्लाह खान के घर और उनके करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी कर करीब 24 लाख रुपये कैश और दो बिना लाइसेंस वाले हथियार बरामद किए हैं।