बॉलीवुड की बहुचर्चित फिल्म द कश्मीर फाइल्स के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार डायरेक्टर के सुर्खियां बटोरने की वजह उनकी फिल्म नहीं बल्कि उनका ट्वीट है। दरअसल विवेक ने एक ट्वीट के माध्यम से बताया कि वह जल्द ही कश्मीर फाइल्स-2 लेकर आ रहे हैं? क्या है पूरा मामला आइए आपको बताते हैं।
विवेक अग्निहोत्री ने किया ट्वीट: डायकेक्टर ने ट्वीट कर बताया कि कई लोग कश्मीर फाइल्स-2 के बारे में पूछ रहे हैं। विवेक ने लिखा, बहुत से आतंकी संगठन, पाकिस्तानी, कांग्रेस, AAP और अर्बन नक्सल मुझसे कश्मीर फाइल्स 2 के बारे में पूछ रहे हैं। मैं वादा करता हूं, आपको निराश नहीं करूंगा। पार्ट 2 का नाम द दिल्ली फाइल्स है। अपनी इम्युनिटी बढ़ाना शुरू कर दो। ये फिल्म 2024 में आने वाली है।’
किस घटना पर होगी दिल्ली फाइल्स: एक इवेंट के दौरान विवेक अग्निहोत्री ने दिल्ली फाइल्स के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि दिल्ली फाइल्स साल 1984 भारतीय इतिहास का एक काला अध्याय है। जिस तरह से पूरे पंजाब में आतंकवाद की स्थिति को संभाला गया।
यह वोट बैंक की राजनीति के लिए था और इसीलिए पंजाब में कांग्रेस पार्टी द्वारा आतंकवाद की खेती की गई। निर्दोष लोगों को मार डाला गया, जिन्हें आज तक न्याय नहीं मिला। द दिल्ली फाइल्स तमिलनाडु के बारे में भी बहुत सारी सच्चाई बताएंगी। उन्होंने यह भी कहा था कि यह फिल्म दिल्ली के बारे में नहीं है।
कश्मीरी पंडितों के साथ हो रही हिंसा पर तंज: बता दें कांग्रेस विधायक ने कश्मीर में हो रही हिंसा पर विवेक अग्निहोत्री पर निशाना साधते हुए कहा था कि कश्मीर में हो रही घटनाएं पिछले दिनों प्रदर्शित हुई द कश्मीर फाइल्स का दूसरा पार्ट है जो फिल्म के रूप में नहीं बल्कि उसका सीधा प्रसारण चल रहा है।
वहीं शिवसेना सांसद संजय राउत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कश्मीरी पंडितों को मार दिया जाता है और घाटी छोड़ने के लिए मजबूर किया जाता है। द कश्मीर फाइल का प्रचार करने वाले चुप हैं! क्या वे अब मौजूदा हालात पर कश्मीर फाइल्स-2 बनाएंगे? क्या पीएम इस सीक्वल को भी प्रमोट करेंगे? इतिहास को छुपाना नहीं चाहिए, वर्तमान को भी स्वीकार नहीं करना चाहिए।