बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्मों से अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाले बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन की खबर ने बॉलीवुड के साथ ही साथ फैंस को भी झकझोर कर रख दिया है। मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर कुछ करीबियों की मौजूदगी में ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार के वक्त माहौल काफी गमगीन हो गया था। बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट ऋषि कपूर के पार्थिव शरीर के पास खड़ी फूटफूट कर रोती हुई नजर आईं। इस दौरान आलिया भट्ट फोन पर ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर के साथ वीडियो कॉल के माध्यम से जुड़ी हुई नजर आईं। लॉकडाउन की वजह से ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर मुंबई नहीं पहुंच पाईं थीं और वो दिल्ली में ही फंसी रह गईं थीं।
बेटी रिद्धिमा कपूर वीडियो कॉल के माध्यम से पिता के आखिरी दर्शन के साथ साथ उनके अंतिम संस्कार में भी उन्हें शामिल हुई थीं। इस दौरान आलिया के साथ खड़ीं ऋषि कपूर की पत्नी नीतू कपूर भी रोती हुई नजर आईं। नीतू कपूर, रणबीर, आलिया भट्ट के अलावा आखिरी विदाई देने के लिए करीना कपूर, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन, उद्योगपति अनिल अंबानी, रीमा जैन, मनोज जैन, आदर जैन, अनीशा जैन, विमल पारीख, डॉ. टंडन और राहुल रवैल भी मौजूद रहे।
बता दें कि सांस लेने में दिक्क़त के चलते ऋषि कपूर को बुधवार को मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले भी उनकी तबीयत खराब हुई थी जिसके चलते उन्हें अस्पताल लेकर गए थे। लेकिन उस वक्त उन्हें ज्यादा देर तक अस्पताल में नहीं रखा गया और वो कुछ ही देर में घर लौट आए थे। ऐेस में इरफान खान के बाद अगले ही दिन ऋषि कपूर के निधन ने बॉलीवुड के साथ ही साथ फैंस को भी झकझोर दिया है।