Akanksha Dubey Death Case: भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में पुलिस ने भोजपुरी सिंगर समर सिंह को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। समर सिंह पर आकांक्षा को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगा है। आकांक्षा के सुसाइड के बाद से ही वो फरार था, और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार वाराणसी पुलिस की तलाश पूरी हुई और समर सिंह को गाजियाबाद से अरेस्ट कर लिया गया। आकांक्षा दुबे ने 26 मार्च को वाराणसी के सारनाथ इलाके में एक होटल में मृत पाई गई थीं। उन्हें पंखे पर लटके पाया गया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक आकांक्षा दुबे और समर सिंह रिलेशनशिप में थे और दोनों लिव-इन में रहते थे। आकांक्षा ने वैलेंटाइन्स डे के मौके पर अपना रिश्ता सोशल मीडिया पर ऑफिशियल भी किया था। समर सिंह को तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं उसके भाई आरोपी संजय सिंह की तलाश जारी है। गाजियाबाद के एसपी ने बताया कि बनारस से आई एक टीम ने रात 12 बजे समर सिंह को गिरफ्तार किया। समर सिंह नंदग्राम थाना क्षेत्र की एक सोसायटी में छिपा हुआ था। 306 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।

आपको बता दें, कि अदालत ने गुरुवार को समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था। वहीं इससे पहले आकांक्षा दुबे के वकील शशांक शेखर त्रिपाठी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को एक पत्र सौंपा था जिसमें कहा गया था कि 25 साल की एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने सुसाइड नहीं किया बल्कि होटल के कमरे में उसकी हत्या की गई थी।

आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे की तरफ से वकील त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में मौत पर संदेह की ओर इशारा करते हुए कई प्वाइंट उठाए हैं और आरोप लगाया कि आकांशा के शव का जबरन अंतिम संस्कार कर दिया गया जबकि मां ने मना किया था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम संस्कार होना चाहिए।

भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने फिल्म ‘मेरी जंग मेरा फैसला’ से भोजपुरी इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत की और ‘मुझसे शादी करोगी’ (भोजपुरी), ‘वीरों के वीर’, ‘फाइटर किंग’ जैसी कई फिल्मों में नजर आईं।