भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे (Akanksha Dubey) के सुसाइड को 4 महीने का वक्त हो गया है। उन्होंने बनारस में 29 मार्च को एक होटल में सुसाइड कर लिया था। उनकी लाश होटल में बंद कमरे में लटकी मिली थी। इस मामले में उनके कथित बॉयफ्रेंड और भोजपुरी सिंगर एक्टर समर सिंह (Samar Singh) को आरोपी माना जा रहा है। एक्ट्रेस के सुसाइड के बाद उन्हें कई दिनों के बाद उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया था। ऐसे में अब दिवंगत एक्ट्रेस की मां ने 4 महीने बाद न्याय मिलने का दर्द बयां किया है साथ ही उन्होंने अरविंद अकेला कल्लू (Arvind Akela Kallu) पर गुस्सा निकाला है। चलिए डिटेल में बताते हैं कि आकांक्षा की मां ने क्या कहा?

आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे अपनी बेटी के इंस्टाग्राम पेज से लाइव आईं, जहां उन्होंने न्याय ना मिलने और भोजपुरी इंडस्ट्री के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर्स पर सपोर्ट ना करने का आरोप लगाया है। साथ ही भोजपुरी स्टार अरविंद अकेला कल्लू पर आरोप लगाया है कि वो समर सिंह को सपोर्ट कर रहे हैं। वो उन पर भड़कते हुए भी नजर आई हैं। लाइव वीडियो के दौरान एक्ट्रेस की मां कहती हैं, ‘मैं आकांक्षा दुबे की मां, आज इसलिए लाइव आई हूं क्योंकि मैं यही पूछना चाहती हूं कि मेरी बेटी को गए हुए 4 महीने से ज्यादा का वक्त हो गया है। भोजपुरी इंडस्ट्री कहां है? मेरी लड़की इस इंडस्ट्री को अपना परिवार मानती थी। लेकिन आज वो परिवार मुझे नहीं दिखाई दे रहा है। कहां है वो परिवार? दो दिन मेरी बेटी बनारस में लावारिश की तरह पड़ी रही कोई नहीं दिखाई दिया। जबकि आधी भोजपुरी बनारस में पड़ी रहती है। आज 4 महीने हो गए हैं मगर कोई भी अब तक सामने नहीं आया है। किसी ने कुछ नहीं बोला।’

भोजपुरी के तीनों सांसद पर भी साधा निशाना

इस दौरान आकांक्षा दुबे की मां रो-रोकर अपनी बात को लाइव वीडियो में रखती रहीं। उन्होंने अपना दर्द बयां किया और एक्ट्रेस के फैंस भी काफी इमोशनल नजर आ रहे हैं। भोजपुरी एक्ट्रेस की मां मधु दुबे इतने पर ही शांत नहीं होती हैं। वो भोजपुरी स्टार अरविंद अकेला कल्लू पर भी गुस्सा निकालती हैं। वो कहती हैं कि वो उनका दुख जानने नहीं आए थे। बल्कि उनके हालातों का मजा लेने के लिए गए थे और समर सिंह को सपोर्ट करने के लिए गए थे। मधु कहती हैं, ‘आज भोजपुरी के तीन एक्टर्स सांसद हैं। निरहुआ, रवि किशन और मनोज तिवारी। अगर ये लोग चाह लेते तो मेरी लड़की को न्याय जरूर मिल जाता। जबकि सबको पता था कि मेरे लड़की के साथ क्या होता था। फिर भी सब चुप हैं और अपराधी को बचा रहे हैं। कल्लू भी मेरे घर आया था। पर मुझे लगा कि वो मेरे दुख में शामिल होने आया था मगर वो मेरे दुख में शामिल होने नहीं आया था। वो आया था मेरा तमाशा देखने।’

कल्लू पर आकांक्षा की मां ने निकाला गुस्सा

कल्लू को लेकर आकांक्षा की मां कहती हैं, ‘कल्लू मीडिया के सामने आया और बोला कि समर भइया ऐसे नहीं हैं। समर सिंह को कल्लू कितना जानता है? आकांक्षा दुबे के साथ समर सिंह क्या करता था? इसका मतलब है ये पता था कल्लू को। तभी तो वो समर को बहुत अच्छी तरह से जानता है। कल्लू जवाब दे ना मुझे कौन है अपराधी? कल्लू मुझे कहता है कि जो हो गया सो हो गया। बीच बचाव का इसका रास्ता निकाला जाए। क्या आकांक्षा दुबे मस्ती की मूर्ति थीं? नहीं, वो भी एक इंसान थीं। उनका भी मां-बाप, भाई था। आकांक्षा के जैसा ना कोई भोजपुरी में था, ना है और ना ही आएगा।’

आकांक्षा दुबे किसी का बिस्तर बनी होतीं तो जिंदा होती- मधु दुबे

मधु दुबे वीडियो में आगे कहती हैं कि आकांक्षा ने इंडस्ट्री में अपने दम पर मुकाम हासिल किया था। अपनी मेहनत और स्किल के दम पर वहां तक पहुंची थीं। अगर वो किसी का बिस्तर बनी होतीं तो जिंदा होतीं। वो किसी का बिस्तर नहीं बनी थीं। आजकल एक्ट्रेस उन्हें कॉपी करती हैं पर उनकी तरह वो नहीं हो पाएंगी। मुझे लगता है कि मेरी बेटी की मौत में पूरी की पूरी इंडस्ट्री शामिल है। तभी तो कोई कुछ नहीं बोल रहा है। तीनों सांसद भी चुप हैं।