देश में लोकसभा चुनाव का सियासी शंखनाद हो चुका है, सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी जोरदार प्रचार देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ पहुंचे थे। वहां पर उन्होंने बड़ी जनसभा को संबोधित किया और एक बड़ा सियासी संदेश देने का काम भी किया।
सीएम योगी ने कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कह दिया कि हम लोग प्रभु राम का नाम लेकर जीवन यापन जरूर करते हैं, राम के बिना तो कोई काम हो ही नहीं सकता। लेकिन जब कोई समाज की सुरक्षा के लिए खतरा बनता है तो राम नाम सत्य भी करते हैं। 10 साल पहले तो ये सिर्फ एक सपना लगता था लेकिन अब हकीकत बना है, हकीकत बना है आपका वोट की वजह से। पहले आप लोग जब गलत लोगों को चुनते थे तो बहन बेटियों के लिए खतरा बनता था। अब जब आपका वोट मोदी जी को जा रहा है, यूपी में कितना बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर देखने को मिल रहा है, एयरपोर्ट बन रहा है, रेलवे स्टेशन बन रहा है, डिफेंस कॉरिडोर बन रहा है।
अब ये कोई पहली बार नहीं है जब योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम का जिक्र कर बड़ा सियासी संदेश देने का काम किया हो। एक तरफ जानकार मानते हैं कि बीजेपी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की वजह से ध्रुवीकरण वाला फायदा मिल रहा है तो दूसरी तरफ कानून व्यवस्था को लेकर भी राम नाम सत्य जैसे नारों को इस्तेमाल हो रहा है।
वैसे प्रधानमंत्री मोदी ने भी उत्तर प्रदेश के मेरठ से ही भाजपा के प्रचार का चुनावी शंखनाथ किया था। उनकी तरफ से भ्रष्टाचार पर सबसे ज्यादा फोकस किया गया और एक बार फिर नारा दिया गया ‘भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन होकर रहेगा, ये मोदी की गारंटी है’। जानकारी के लिए बता दे कि उत्तर प्रदेश से लोकसभा की 80 सीटें निकलती हैं। इस बार बीजेपी ने टारगेट बनाया है कि उसे 80 में से 80 सीटें जींतनी हैं, वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन भी चुनौती देने का काम कर रहा है।