वायनाड में कांग्रेस पार्टी को शनिवार को उस समय झटका लगा, जब जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए पीएम सुधाकरन ने कहा कि वर्तमान सांसद और वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी पार्टी के जिला नेताओं के लिए पहुंच से बाहर हैं।
सुधाकरन ने कहा कि अगर वह मेरे लिए पहुंच से बाहर हैं, तो एक आम आदमी की स्थिति की कल्पना करें। उन्हें पांच साल दिए गए थे। अगर हम एक और कार्यकाल देते हैं, तो यह वायनाड के विकास की संभावनाओं को नष्ट कर देगा। उन्होंने गांधी को यह घोषणा करने की भी चुनौती दी कि वह अमेठी से चुनाव नहीं लड़ेंगे। भाजपा ने एक विज्ञप्ति में कहा कि दो अन्य ‘प्रमुख हस्तियां’ भी शनिवार को भाजपा में शामिल हो गईं।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने वायनाड निर्वाचन क्षेत्र से भाकपा की वरिष्ठ नेता एनी राजा को मैदान में उतारा है। भाजपा ने इस सीट पर अपने प्रदेश प्रमुख के. सुरेंद्रन को उम्मीदवार बनाया है। केरल में 26 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होगा।
मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता भाजपा में
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से कांग्रेस के एक पूर्व विधायक और पार्टी के कई अन्य स्थानीय नेता शनिवार को भाजपा में शामिल हो गए। इस पर कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने उन्हें ‘विश्वासघाती’ बताया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लोकसभा चुनाव के पहले चरण में राज्य की छह लोकसभा सीट पर मतदान के एक दिन बाद भोपाल में एक कार्यक्रम में शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हरिवल्लभ शुक्ला और कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ताओं का भाजपा में स्वागत किया।
यादव ने भाजपा के नए सदस्यों से कहा कि हम पार्टी में आपका खुले दिल से स्वागत करते हैं। हम एकमत होकर काम करने जा रहे हैं। आप सुझाव देने और पार्टी (भाजपा) में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए स्वतंत्र हैं। भाजपा की एक विज्ञप्ति में दावा किया गया कि समारोह में 100 से अधिक कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हुए। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं को अपने पाले में करने के लिए एक अभियान चलाया है।
पिछले कुछ महीनों में राज्य में कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हुए हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री यादव ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का परिवार मध्य प्रदेश में सबसे तेज गति से विस्तार कर रहा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी के मीडिया सलाहकार केके मिश्रा ने शुक्ला को एक चुकी हुई ताकत बताय