प्रियंका गांधी की राजनीति में औपचारिक एंट्री को लेकर बयानबाजी का दौर जारी है। विश्व हिंदू परिषद से जुड़ीं साध्वी प्राची ने प्रियंका को नई जिम्मेदारी दिए जाने के संदर्भ में पूरे गांधी परिवार को निशाने पर लिया है। हालांकि उन्होंने प्रियंका गांधी को अच्छी महिला भी बताया है। साध्वी प्राची ने अपने बयान में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और गांधी परिवार के दामाद रॉबर्ट वाड्रा को भी निशाने पर लिया है। साध्वी प्राची ने नेशनल हेराल्ड केस का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा है। उल्लेखनीय है कि बुधवार को ही कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें लोकसभा चुनाव 2019 के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी भी बनाया गया है।

यह है साध्वी प्राची का पूरा बयानः आखिर क्यों आई, इसके पीछे रहस्य क्या है? पूरा देश जानता है कि मां-बेटे (सोनिया-राहुल) जमानत पर हैं और मां बेटे कभी भी अंदर जा सकते हैं। ऐसे में कांग्रेस को संभालने वाला कोई तो चाहिए। इसीलिए प्रियंका जी की एंट्री हुई है। आप चिंता न करें। प्रियंका जी अच्छी हैं मैं सम्मान करती हूं। उस बेचारी का दुर्भाग्य है कि उसका पिता भी चोर था, पति भी चोर है लेकिन वो अच्छी महिला है।

इस केस में जमानत पर हैं सोनिया-राहुलः भाजपा नेता सुब्रमण्यन स्वामी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर नेशनल हेराल्ड अखबार की संपत्तियों के गलत ढंग से इस्तेमाल और आर्थिक गड़बड़ियों का आरोप लगाया था। 2012 में वे इस केस को अदालत में ले गए। तब से अब तक यह मामला चल रहा है। फिलहाल राहुल गांधी और सोनिया गांधी दोनों जमानत पर हैं। इस केस में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा और ऑस्कर फर्नांडीज भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि नेशनल हेराल्ड अखबार देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने शुरू किया था। यह अखबार एसोसिएट जर्नल लिमिटेड के स्वामित्व में शुरू हुआ था। इसे कांग्रेस का मुखपत्र भी माना जाता था। 2008 में आर्थिक हालत खराब होने के चलते इसे बंद कर दिया गया था।