भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए 59 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी खटीमा विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। वहीं, जेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक हरिद्वार से चुनाव लड़ेंगे। उत्तराखंड में कुल 70 विधानसभा सीटें हैं।
भाजपा ने 70 में से जिन 59 सीटों के लिए नामों का ऐलान किया है, उनमें मौजूदा 10 विधायकों के टिकट काटे गए हैं। दोबारा मंथन के बाद शेष सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान जल्द हो सकता है। इस लिस्ट में चार आध्यात्मिक नेताओं को विधानसभा चुनाव के लिए टिकट दिया गया है। हाल ही भाजपा का दामन थामने वाली उत्तराखंड महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सरिता आर्या को नैनीताल से टिकट दिया गया है। पार्टी ने कुंवर प्रणव सिंह ‘चैंपियन’ का टिकट काट दिया गया है और उनकी पत्नी को टिकट दिया गया है।
प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 59 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा, “भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी द्वारा उत्तराखंड की रचना हुई। कांग्रेस पार्टी और अन्य दल तब भी उत्तराखंड के गठन का विरोध कर रहे थे। यूपीए के कार्यकाल में भी उत्तराखंड के साथ सौतेला व्यवहार किया गया।”
प्रह्लाद जोशी ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में उत्तराखंड में विकास हो रहा है। देश की सुरक्षा में उत्तराखंड का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सैन्य धाम की स्थापना की कल्पना भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने की है। उन्होंने बताया कि इस बार पांच महिलाओं को इस बार टिकट दिया गया है। साथ ही जोशी ने बताया कि 15 ब्राह्मण नेताओं और 3 बनिया चेहरों को टिकट दिया गया है।
बता दें कि उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में कराए जा रहे हैं। 14 फरवरी को राज्य की 70 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। वहीं, चुनाव परिणाम अन्य राज्यों के साथ 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।
