राजेंद्र तिवारी

अपना दल एवं निषाद पार्टी ने अपने-अपने विधायकों को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) कोटे में आई लोकसभा सीट पर चुनाव मैदान में उतारा है। यदि दोनों सफल होते हैं। यहां की दोनों विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। विंध्याचल मंडल में आने वाली तीन लोकसभा सीट मिर्जापुर, संत रविदास नगर (भदोही) व सोनभद्र तीनों राजग के घटक दलों के खाते में गई है। इस मंडल में भाजपा का कोई उम्मीदवार मैदान में नही है।

मंडल की मिर्जापुर और सोनभद्र सीट अपना दल के खाते में गई है। भदोही सीट पर निषाद पार्टी ने अपना प्रत्याशी मैदान में उतारा है। मिर्जापुर से अपना दल प्रमुख अनुप्रिया पटेल खुद मैदान में हैं। वही राबर्ट्सगंज (सोनभद्र) से मिर्जापुर जिले की छानवे सीट की विधायक रिंकी कोल को उनके ससुर सांसद पकौड़ी कोल का टिकट काट कर मैदान में उतारा है।

इसी तरह निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने भदोही से जिले के मझवा विधानसभा सीट से विधायक विनोद बिंद को टिकट दिया है। हालांकि विनोद बिंद भाजपा के सिंबल पर संजय निषाद के पुत्र प्रवीण निषाद की तर्ज पर लड़ रहे हैं। यदि रिंकी कोल और विनोद बिंद चुनाव जीतते हैं तो मिर्जापुर मंडल में विधानसभा के छानवे और मझवा सीट पर उप चुनाव होना निश्चित है।

अभी एक साल भी नहीं हुआ है। छानवे सीट पर उप चुनाव हुआ है। 2022 के विधानसभा चुनाव में अपना दल प्रत्याशी के रूप में राहुल कोल विजयी हुए थे। चुनाव के कुछ दिन बाद ही उनकी मृत्यु हो गई थी। यहां उप चुनाव हुए जिसमें राहुल कोल की पत्नी रिंकी कोल को अपना दल ने मैदान में उतारा और रिंकी कोल विजयी हुईं।

अब वे सोनभद्र से अपना दल प्रत्याशी के रूप में लोकसभा चुनाव में भाग्य आजमा रही है। विनोद बिंद पहले सपा में थे। विधानसभा चुनाव में सपा से टिकट न मिलने पर अंतिम समय में निषाद पार्टी से टिकट पाने में सफल हो गए और मझवा सीट से चुनाव में जीत भी दर्ज कर ली।अब निषाद पार्टी ने उन्हें भदोही से टिकट दिया है। यदि दोनों जीत दर्ज करते हैं तो यहां उपचुनाव निश्चित है।