Assembly Election 2022 Result: पांच राज्यों में जारी विधानसभा चुनावों के लिए मतों की गिनती गुरुवार को हो रही है। अभी तक रूझानों और परिणामों के अनुसार यूपी में बीजेपी जीत रही है। वहीं पंजाब में आप की सुनामी में काग्रेस के लगभग दिग्गज नेता हार गए हैं। उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी बीजेपी बहुमत की ओर बढ़ रही है। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर और सपा प्रमुख अखिलेश यादव करहल से जीत गए हैं।

पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू, सीएम चन्नी, कैप्टन अमरिंदर, प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल, बिक्रम सिंह मजीठिया, मालविका सूद जैसे कई बड़े नाम चुनाव हार गए हैं। वहीं यूपी में स्वामी प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, संगीत सोम जैसे दिग्गज चुनाव हार गए हैं। उत्तराखंड में कांग्रेस नेता हरीश रावत और सीएम पुष्कर धामी भी चुनाव हार गए हैं।

Goa CM Pramod Sawant: गोवा के सीएम प्रमोद सांवत अब आगे चल रहे हैं। कुछ देर पहले तक वो कांग्रेस उम्मीदवार से पीछे चल रहे थे। वहीं बीजेपी 17 सीटों पर और कांग्रेस 12 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं पहली बार चुनावी मैदान में उतरी टीएमसी चार सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा के प्रदर्शन पर गोवा सरकार में मंत्री और भाजपा उम्मीदवार विश्वजीत राणे ने कहा है कि राज्य में जो काम केंद्र और हमारी सरकार ने किया है उसी की जीत हो रही है। गोवा की जनता ने घोटाले करने वालों को खारिज कर दिया है।

Kairana Seat Result: कैराना में सपा के नाहिद हसन भाजपा की मृगांका सिंह से आगे चल रहे हैं। हसन को नामांकन पत्र दाखिल करने के एक दिन बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। मृगांका सिंह बीजेपी के दिवंगत नेता और कैराना से सांसद हुकुम सिंह की बेटी हैं। हुकुम सिंह ने ही यहां से हिन्दूओं के पलायन का मुद्दा उठाया था। जो इस बार के चुनाव में भी बीजेपी का प्रमुख मुद्दा रहा था। हालांकि इसके बाद भी बीजेपी को यहां फायदा होता नहीं दिख रहा है और इस बार भी मृगांका सिंह हार की ओर बढ़ रही हैं।

Azam Khan: चौथे दौर की मतगणना के बाद, रामपुर विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार आजम खान 19,798 मतों से आगे चल रहे हैं। भाजपा उम्मीदवार आकाश सक्सेना दूसरे नंबर पर हैं।

Goa Election Result: गोवा में भी बीजेपी बहुमत की ओर आगे बढ़ रही है। हालांकि सीएम प्रमोद सावंत साकेलिम सीट पर अभी भी पीछे चल रहे हैं। यहां कांग्रेस नेता धर्मेश सगलानी आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भाजपा 18 सीटों पर, कांग्रेस 12 सीटों पर, महाराष्ट्रवादी गोमांतक 5 पर, आम आदमी पार्टी 1 पर और निर्दलीय 2 पर आगे है।

Uttarakhand Election Result: उत्तराखंड में बीजेपी आगे चल रही है, लेकिन भाजपा उम्मीदवार और सीएम पुष्कर सिंह धामी खटीमा सीट से पीछे चल रहे हैं। वहीं कांग्रेस के नेता हरीश रावत लालकुआं सीट से हार गए हैं।

Punjab Election Result: पंजाब में आम आदमी पार्टी बहुमत की ओर जाती दिख रही है। वहीं कांग्रेस बड़ी हार की ओर अग्रसर है। उसके कई प्रमुख नेता पीछे चल रहे हैं। आम की बढ़त को लेकर आप पंजाब प्रभारी राघव चड्ढा ने कहा कि आप पहले दिन से कह रही थी कि आम आदमी पार्टी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी। आप नेता ने कहा कि राज्य के लोगों ने सीएम कैंडिडेट भगवंत मान और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर भरोसा जताया है और राज्य के बड़ेृ-बड़े नेताओं के सिंहासन डोल गए हैं।

UP Election Result: यूपी में कई बड़े नेता पीछे चल रहे हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव जसवंत नगर से पीछे चल रहे हैं। ये सीट मुलायम सिंह यादव परिवार की परंपरागत सीट रही है। सरोजनीनगर सीट से बीजेपी के राजेश्वर सिंह पीछे चल रहे हैं. वाराणसी से भी योगी के मंत्री नीलकंठ तिवारी पीछे चल रहे हैं।

अभी तक के रुझानों में एग्जिट पोल की तरह ही परिणाम दिख रहा है। यूपी में बीजेपी नंबर एक पोजिशन पर दिख रही है। वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी सबसे आगे दिख रही है। मणिपुर में बीजेपी और गोवा में कांग्रेस आगे चल रही है। बड़े नेताओं की बात करें तो पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर पूर्व से पीछे चल रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह पीछे चल रहे हैं। वहीं पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी भी पीछे चल रहे हैं।

यूपी में अखिलेश यादव, सीएम योगी, केशव प्रसाद मौर्य, स्वामी प्रसाद मौर्य आगे चल रहे हैं। जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पीछे चल रहे हैं। वहीं गोवा सीएम प्रमोद सावंत भी पीछे चल रहे हैं। साथ ही उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी भी पीछे चल रहे हैं।

इन चुनावों में सबसे ज्यादा चर्चा यूपी की रही है। ईवीएम में छेड़छाड़ के कई आरोप सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लगाए हैं। उनके आरोपों और सपा कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद चुनाव आयोग को कई अधिकारियों पर कार्रवाई भी करनी पड़ी है।

नतीजे की पल-पल की अपडेट पाएं यहां