उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 से पहले कांग्रेस को झटके पर झटका लग रहा हैं। सौ से ज्यादा प्रत्‍याशियों की सूची जारी करने के बाद कई नेताओं ने कांग्रेस के हाथ को छोड़ दिया। ताजा घटनाक्रम में प्रियंका गांधी का साथ छोड़ने वालों में कांग्रेस की पोस्टर गर्ल का नाम शामिल है। कयास हैं कि वो एक-दो दिनों में बीजेपी की सदस्यता हासिल कर सकती है।

बीजेपी दफ्तर पहुंची प्रऐियंका ने आरोप लगाया कि उन्होंने पूरे जोरशोर से अपने चुनाव क्षेत्र में काम किया था लेकिन फिर भी टिकट किसी और को दे दिया। उनका कहना था कि वोटरों को लुभाने के लिए हमें आगे किया और जब हक की बात आई तो दरकिनार ही कर दिया।

एक सवाल के जवाब में उनका कहना था कि उनकी बात बीजेपी नेताओं से हो चुकी है। जल्दी ही आप लोगों के सामने सारी तस्वीर आएगी। समाज उनके साथ है। ध्यान रहे कि प्रियंका यूपी में कांग्रेस के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान से चर्चा में आई थीं। अब उनके विधानसभा से पहले भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

इंडिया टुडे के मुताबिक उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से प्रियंका मौर्या नाराज हैं और बुधवार को बीजेपी में शामिल हो सकती हैं। खबर के मुताबिक उत्तर प्रदेश में महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष प्रियंका मौर्य ने कहा कि कांग्रेस ने उनके चेहरे, नाम और उनके समर्थकों का इस्तेमाल किया। लेकिन जब आने वाले चुनाव के लिए टिकट की बात आई, तो यह किसी और को दे दिया गया। उन्होंने कहा कि मुझे टिकट नहीं मिला क्योंकि मैं पिछड़ा वर्ग से हूं और प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह को रिश्वत नहीं दे सकी।

कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य लखनऊ की सरोजनी नगर सीट से चुनाव की तैयारी कर रही थीं, लेकिन कल जारी लिस्ट में इस सीट से रुद्र दमन सिंह का नाम था। इसके बाद प्रियंका ने ट्वीट कर आरोप लगाया, लड़की हूं, लड़ सकती हूं पर टिकट नहीं पा सकी क्योंकि ओबीसी थी और पैसा नहीं दे सकी। प्रियंका ने कहा कि रिश्वत प्रियंका गांधी के सचिव संदीप ने मांगी थी।