उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की जंग दिलचस्प होती जा रही है। सपा, बसपा, बीजेपी, कांग्रेस सभी पहले चरण के तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सीटों पर प्रचार अभियान में जुटे हैं। गृह मंत्री अमित शाह, सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) से लेकर अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav), जयंत चौधरी और प्रियंका गांधी शतरंज की बिसात पर अपनी-अपनी चाल चल रहे हैं। इस बीच, जी न्यूज ने Design Boxed के साथ मिलकर शुक्रवार को एक ओपिनियन पोल दिया है, जिसमें योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री के तौर पर पहली पसंद बताया गया है।
Zee-Designed Box Opinion Poll के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ को 47% लोगों ने मुख्यमंत्री की पहली पसंद बताया है। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव को 34 फीसदी लोगों ने मुख्यमंत्री की पहली पसंद बताया है। इसके अलावा बसपा प्रमुख मायावती को सीएम की पहली पसंद बनाने वालों की संख्या 11 फीसदी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को 4 फीसदी लोगों ने सीएम की पहली पसंद बताया है।
वोट शेयर की बात करें तो ओपिनियन पोल के मुताबिक, भाजपा व उसके सहयोगियों को 41% वोट मिल सकता है। समाजवादी पार्टी व उसके सहयोगियों को 34% वोट मिल सकता है। कांग्रेस को 6 फीसदी और बसपा को 12 फीसदी वोट मिल सकता है। इसके अलावा अन्य के खाते में 7 फीसदी वोट जा सकते हैं।
सीटों की बात करें तो, बीजेपी व उसके सहयोगियों को -241 से 263 सीटें मिल सकती हैं। इस स्थिति में भाजपा सरकार बना सकती है। वहीं, समाजवादी पार्टी व उसके सहयोगियों को 130 से 151 तक सीटें मिलने का अनुमान है। मायावती की पार्टी बसपा को 4 से 9 सीटें मिल सकती हैं। जबकि कांग्रेस के खाते में 3-7 सीटें जा सकती हैं। वहीं, अन्य के खाते में 2 से 6 सीटें जा सकती हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर सात चरणों में मतदान होना है। 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और सात मार्च को राज्य में मतदान होने हैं,जबकि मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।