उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर गहमागहमी बढ़ी हुई है। इस बीच, नेताओं का पाला बदलने का क्रम भी जारी है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के साढ़ू प्रमोद गुप्ता गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। इससे एक दिन पहले ही मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव भी भाजपा में शामिल हुई थीं। वहीं, प्रमोद गुप्ता ने भाजपा में शामिल होने से कुछ देर पहले, प्रेस कॉन्फ्रेंस की और इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि उन्होंने मुलायम सिंह यादव को बंधक बना लिया है।

प्रमोद गुप्ता ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। प्रमोद गुप्ता ने कहा, ”अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह और शिवपाल यादव को बहुत प्रताड़ित किया। समाजवादी विचारधारा के लोगों को अखिलेश ने किनारे कर दिया। जो मुलायम सिंह यादव को गालियां देते हैं, वैसे गैर-समाजवादी लोगों को तरजीह दी जाती है।”

मुलायम सिंह यादव के रिश्तेदार और उनके करीबी प्रमोद गुप्ता ने आरोप लगाया, “नेताजी को कैद कर रखा है अखिलेश ने, उनको विक्रमादित्य मार्ग से निकलने नहीं दिया जा रहा है। किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा है। जो भी मिलने जाता है, उससे कह दिया जाता है कि नेताजी सो रहे हैं। आज उनकी स्थिति बहुत ही खराब है।”

पूर्व विधायक गुप्ता ने कहा, “22 नवंबर को किस तरह से उनके जन्मदिन पर मुलायम सिंह का माइक छिन लिया गया था। उनको बोलने नहीं दिया गया। यही सारी हरकतें चल रही हैं।” गुरुवार को प्रमोद गुप्ता के अलावा कांग्रेस के कैंपेन ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ की पोस्टर गर्ल बनीं प्रियंका मौर्य ने भी आज बीजेपी की सदस्यता ली। इसके अलावा विभिन्न दलों के कई नेताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

बता दें कि 403 विधानसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव होंगे। उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी को पहले चरण के मतदान होंगे। 14 फरवरी को दूसरे चरण, 20 फरवरी को तीसरे चरण के मतदान होंगे। 23 फरवरी को चौथे चरण, 27 फरवरी को पांचवें चरण, 3 मार्च को उत्तर प्रदेश के छठे चरण और 7 मार्च को 7वें चरण के मतदान होंगे। वहीं, 10 मार्च को मतगणना होगी।