उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने एक और लिस्ट उम्मीदवारों की जारी की है। कांग्रेस ने 60 नए उम्मीदवारों की घोषणा की है जबकि हाथरस की सीट पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार को बदला है। हाथरस की सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार कुलदीप कुमार सिंह होंगे। आज जारी हुए कांग्रेस के 61 उम्मीदवारों में 24 उम्मीदवार महिलाएं हैं। कांग्रेस पार्टी ने कानपुर की शिसामऊ सीट से हाजी सोहेल अहमद को टिकट दिया है तो बस्ती जिले की कप्तानगंज सीट से पार्टी के वरिष्ठ नेता अंबिका सिंह को टिकट दिया है। वहीं खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र से साहिबा खातून को कांग्रेस ने मैदान में उतारा है।
इसके साथ ही अब उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने 316 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं, जिसमें 127 उम्मीदवार महिला हैं। बता दें कि प्रियंका गांधी ने पहले ही घोषणा की थी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी 40% टिकट महिला उम्मीदवारों को देगी।
40% टिकट महिलाओं को: कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 40% टिकट महिला उम्मीदवारों को दिया है। कांग्रेस ने उन्नाव रेप पीड़िता की मां आशा सिंह को भी प्रत्याशी बनाया है। आशा सिंह को कांग्रेस ने उन्नाव सदर सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने अपने 61 उम्मीदवारों की लिस्ट में 8 मुस्लिम उम्मीदवारों को भी प्रत्याशी घोषित किया है।
प्रदेश में सिर्फ तीन विधायक: वर्तमान में कांग्रेस के पास उत्तर प्रदेश में सिर्फ तीन विधायक हैं और पार्टी यूपी में अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। अजय कुमार लल्लू कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं और वह खुद तमकुमही राज सीट से विधायक भी हैं। जबकि प्रमोद तिवारी की बेटी आराधना मिश्रा प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से विधायक हैं। वहीं कानपुर कैंट से सोहेल अख्तर अंसारी विधायक हैं।
कांग्रेस ने लगाई वादों की झड़ी: प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का नेतृत्व कर रही हैं और कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र भी जारी कर दिया है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में यूपी में सरकार बनने पर 20 लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी दी है। जबकि 8 लाख सरकारी पद महिलाओं के लिए होंगे। कांग्रेस के घोषणा पत्र के अनुसार सरकार बनने पर परीक्षार्थियों के लिए बस और रेल यात्रा मुफ्त होगी। जबकि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में यह भी कहा है कि शिक्षकों के 1.5 लाख खाली पद भी भरे जाएंगे। वहीं किसानों की कर्ज माफी का भी वादा किया गया है।