उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 7 चरणों में होंगे और नतीजे 10 मार्च को आएंगे। 10 फरवरी को उत्तर प्रदेश में पहले चरण के लिए मतदान डाले जाएंगे। बता दें कि उत्तर प्रदेश में किसकी सरकार बनेगी इसको जानने को लेकर सबके मन में उत्सुकता है। हाल ही में उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर जन की बात ने एक ओपिनियन पोल किया है। जन की बात के ओपिनियन पोल के अनुसार उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बन सकती है, लेकिन बहुमत 2017 की तरह नहीं मिलेगा। वहीं ओपिनियन पोल में सबसे बड़ी बात सामने आई कि बीजेपी और समाजवादी पार्टी में वोट प्रतिशत का अंतर महज 1% से 2% रह सकता है।
बीजेपी को मिल सकता है बहुमत: जन की बात ओपिनयन पोल के अनुसार उत्तर प्रदेश में बीजेपी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिल सकता है। ओपिनियन पोल के अनुसार बीजेपी को 223 से 239 सीटें मिल सकती है ,जबकि सपा गठबंधन को 151 से 165 सीटें मिल सकती हैं। वहीं बसपा को 8 से 10 सीट जबकि कांग्रेस महज एक सीट पर सिमट सकती है। अन्य के खातों में भी 4 सीटें जा सकती हैं।
वोट शेयर में महज 1% का अंतर: जन की बात के ओपिनियन पोल के अनुसार एक चौंकाने वाली बात सामने आ रही है। इस ओपिनियन पोल के अनुसार उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच वोट प्रतिशत का अंतर महज 1% से 2% रह सकता है। जन की बात ओपिनियन पोल ने बीजेपी को 41% से 43% वोट पाने का अनुमान लगाया है जबकि समाजवादी पार्टी को 38% से 40% वोट मिलने का अनुमान जताया गया है। बहुजन समाज पार्टी को 10% से 12%, कांग्रेस को 3% से 4% वोट मिलने का अनुमान जताया गया है। अन्य दलों और निर्दलियों को भी 4% से 5% वोट मिल सकता है।
सीएम पद के लिए योगी पहली पसंद: जन की बात ओपिनियन पोल के अनुसार सीएम पद के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली पसंद है। 51 फ़ीसदी लोग मुख्यमंत्री के रूप में सीएम योगी आदित्यनाथ को पसंद करते हैं। 38 फ़ीसदी लोग अखिलेश यादव को सीएम के रूप में पसंद करते हैं। जबकि 8 फ़ीसदी लोग मायावती और 2 फ़ीसदी लोग प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश में अपना सीएम चाहते हैं।
किन मुद्दों पर पड़ेंगे वोट: जन की बात ओपिनियन पोल में लोग किस मुद्दे पर वोट करेंगे, ये सवाल भी पूछा गया। जन की बात ओपिनियन पोल के अनुसार 34% लोग धर्म और जाति के मुद्दे पर वोट करेंगे। जबकि 21% लोग कानून व्यवस्था, 15 % लोग विकास, 10% लोग बेरोजगारी, 15% लोग योजनाओं के लाभ, 3% लोग महंगाई और 2% लोग अन्य मुद्दों पर वोट करेंगे।
