सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने गाजीपुर की जहूराबाद सीट से नामांकन दाखिल किया है, जिसमें उन्होंने अपनी संपत्ति का ब्योरा भी दिया है। नामांकन के समय दाखिल हलफनामे में ओमप्रकाश राजभर ने 2 करोड़ 61 लाख 31 हजार 359 रुपये की संपत्ति दिखाई है।

इस हलफनामे के मुताबिक, राजभर की कुल संपत्ति 2 करोड़ 61 लाख 31 हजार 359 रुपए है। राजभर ने 1 करोड़ 93 लाख 50 हजार रु की अचल संपत्ति दिखाई है। सुभासपा प्रमुख ने हलफनामे में 32 लाख रु की चल संपत्ति दिखाई है। राजभर के पास एक रिवॉल्वर भी है। ओपी राजभर की पत्नी तारामनी के पास 7 लाख रु की चल संपत्ति है। इसके अलावा, उनके दोनों बच्चों के पास 27 लाख रु की चल संपत्ति है।

हलफनामे में दी गई जानकारी के मुताबिक, ओमप्रकाश राजभर ने 1983 में स्नातक किया था। हालांकि, अचल संपत्ति के मामले में राजभर अपनी पत्नी से काफी पीछे हैं। राजभर के पास 12 लाख रु और उनकी पत्नी के पास 1 करोड़ 70 लाख रु की अचल संपत्ति की घोषणा की है। उनके बेटे अरविंद राजभर के बैंक अकाउंट में 1 लाख 97 हजार रु 168 रु हैं।

ओमप्रकाश राजभर के एक बेटे पर 1 लाख 57 हजार रुपये का बैंक लोन है, जो क्रेडिट कार्ड पर लिया गया है। नामांकन के दौरान दाखिल हलफनामे में ओपी राजभर ने अपने ऊपर 2 आपराधिक मामलों के बारे में बताया है। उन्होंने अपनी आय का स्रोत विधायक की सैलरी और कृषि से होने वाली आय को बताया है।

बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में सुभासपा ने भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। हालांकि, ओमप्रकाश राजभर अब अखिलेश यादव के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। राजभर भाजपा पर जमकर निशाना साधते रहे हैं। राजभर ने मंगलवार को सीएम योगी पर निशाना साधा और कहा, “हम आन्दोलन चला रहे हैं दलितों, पिछड़ों और गरीबों के लिए, उससे सीएम योगी आदित्यनाथ चिढ़े हुए हैं क्योंकि वे हिस्सा लूट रहे हैं। 69 हजार शिक्षक भर्ती, 27% आरक्षण, 22 प्रतिशत दलितों का हिस्सा भी लूट लिया।”