उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) 100 सीटों पर चुनाव लड़ी। पार्टी का प्रदर्शन काफी खराब रहा और वह एक भी सीट नहीं जीत सकी। केवल एक कैंडिडेट ही अपना जमानत बचा सका। हालांकि, पार्टी ने अखिलेश यादव की अगुवाई वाली समाजवादी पार्टी को नुकसान पहुंचा दिया। कई सीटों पर इसने मुस्लिम वोटों में सेंध लगाई। शाहगंज, बिजनौर, सुलतानपुर, औराई और नकुड़ समेत कुछ अन्य सीटों पर भाजपा ने बेहद करीबी मुकाबले में सपा को हराया। इन सीटों पर एआईएमआईएम के कारण सपा के खेल बिगड़ गया।

बिजनौर- बिजनौर सीट की बात करें तो यहां भाजपा प्रत्याशी सुचि ने सपा की सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के उम्मीदवार नीरज चौधरी को 1455 मतों से हरा दिया। भाजपा को यहां 97,165 वोट मिले। वहीं रालोद को 97,165 वोट मिले। एआईएमआईएम के टिकट पर चुनाव लड़े मुनीर अहमद को 2290 वोट मिले।

शाहगंज- जौनपुर की शाहगंज सीट पर भाजपा के साथ गठबंधन वाली निषाद पार्टी के रमेश सिंह ने सपा के शैलेंद्र यदाव ललई को महज 719 वोटों से हराया। यहां निषाद पार्टी को 87,233 और सपा को 86514 वोट मिले। यहां से एआईएमआईएम के प्रत्याशी नायब अहमद खान को 8,128 वोट मिले।

औराई- भदोही की औराई सीट पर भाजपा विधायक दीनानाथ भाष्कर को सपा के अंजनी सरोज के खिलाफ 1,647 वोटों से जीत दर्ज की। भाजपा को 93,691 और सपा को 92044 वोट मिले। एआईएमआईएम उम्मीदवार तेधाई को 2,190 वोट हासिल हुए।

नकुड़- सहारनपुर की नकुड़ सीट पर भाजपा और सपा के बीच जीत का अंतर सिर्फ 315 वोटों का रहा। भाजपा को मुकेश चौधरी को 1,04,114 वोट मिले। वहीं सपा के डॉ. धर्म सिंह सैनी को 1,03,799 वोट मिले। एआईएमआईएम की रिजवाना को 3,593 वोट हासिल हुए।

कुर्सी- बाराबंकी की कुर्सी सीट पर मुकाबला काफी टक्कर वाला रहा। भाजपा के मौजूदा विधायक शकेंद्र प्रताप वर्मा को सपा उम्मीदवार राकेश कुमार वर्मा के खिलाफ महज 217 वोटों से जीत मिली। भाजपा को यहां 1,18,720 और सपा को 1,18,503 वोट मिले। यहां से एआईएमआईएम के कुमैल अशरफ खान को 8,541 वोट मिले।

सुलतानपुर- सुलतानपुर में भाजपा के विनोद सिंह ने 92,715 वोट हासिल किए और सपा के अनूप संडा 91706 को 1009 वोटों से हराया। यहां एआईएमआईएम के के मिर्जा अकरम बेग को 5251 वोट मिले।