यूपी विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान से ठीक पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस की एक और पोस्टर गर्ल ने पार्टी छोड़ दी है। कांग्रेस की पोस्टर गर्ल रही वंदना सिंह ने कांग्रेस छोड़ बीजेपी ज्वाइन कर ली है। बता दें कि इसके पहले कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्या ने भी कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन कर ली थी।
प्रियंका गांधी पर आरोप: कांग्रेस की पोस्टर गर्ल वंदना सिंह ने कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वंदना सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी कार्यकर्ताओं से मुलाकात नहीं करती। वंदना सिंह ने आगे प्रियंका गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में पुराने लोगों को नहीं पूछा जा रहा है जबकि नए लोगों को पार्टी टिकट दे रही है।
वंदना सिंह ने एक टीवी चैनल से कहा कि मैं कांग्रेस की महिला प्रदेश उपाध्यक्ष भी हूं और जब प्रियंका गांधी ने लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा दिया और 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने के लिए कहा, तो हमें लगा कि अब हमें भी मौका मिलेगा। लेकिन अब पता चला कि 25 साल से मेहनत कर रहे हैं लोगों को टिकट नहीं मिला ,बल्कि कल के आए हुए लोगों को टिकट मिल रहा है।
वहीं पोस्टर गर्ल के पार्टी छोड़ने पर बीजेपी के यूपी चुनाव सहप्रभारी अनुराग ठाकुर ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं की तो अनदेखी होती ही थी लेकिन अब युवा पीढ़ी के नेताओं की भी अनदेखी हो रही है। उनकी पोस्टर गर्ल पार्टी छोड़ रहीं हैं। प्रियंका गांधी के ऊपर गंभीर आरोप भी लगा रहे हैं। प्रियंका गांधी को इन आरोपों पर जवाब देना चाहिए।
बता दें कि इसके पहले जनवरी महीने में कांग्रेस की पोस्टर गर्ल रहीं प्रियंका मौर्या ने भी पार्टी छोड़ दी थी। उन्होंने भी प्रियंका गांधी पर उपेक्षा का आरोप लगाया था और कहा था कि पार्टी में ईमानदार लोगों को तरजीह नहीं दी जा रही है। उत्तर प्रदेश में कल यानी गुरुवार को प्रदेश के 11 जिलों की 58 सीटों पर पहले चरण में वोट डाले जाएंगे। उत्तर प्रदेश में कुल 7 चरणों में चुनाव संपन्न होगा। 10 मार्च को चुनाव के नतीजे आएंगे।