उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए समाजवादी पार्टी ने रेप केस में सजा काट रहे पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति (Gayatri Prajapati) की पत्नी महाराजी प्रजापति को अमेठी से टिकट दिया है। वहीं, चुनाव प्रचार में जुटी महाराजी प्रजापति और उनकी बेटी मंच पर रोती नजर आईं। बेटी ने हाथ जोड़कर लोगों से कहा कि एक-एक वोट देकर मेरी मां को जिताएं और उनके पिता को वापस ले आएं।
गायत्री प्रजापति की बेटी रोते हुए हाथ जोड़कर कह रही हैं, “मेरे पिता को बाहर लाएं, मेरी मां को वोट दीजिए, आप हमें न्याय दीजिए, जनता हमें न्याय देगी, सरकार ने हमें न्याय नहीं दिया है।” वहीं, अमेठी से सपा की उम्मीदवार महाराजी प्रजापति ने कहा कि उनको जनता पर भरोसा है कि वह इस चुनाव में उनका साथ देगी और उनके साथ न्याय करेगी।
अमेठी विधानसभा सीट से महाराजी प्रजापति को उम्मीदवार बनाए जाने पर भाजपा ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा था। सपा सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति रेप केस में जेल में बंद हैं, इसको लेकर भाजपा ने अखिलेश यादव को घेरना शुरू किया तो सपा प्रमुख ने इस फैसले का बचाव किया।
गायत्री प्रजापति की पत्नी को टिकट देने के सवाल पर क्या बोले थे सपा प्रमुख: अखिलेश यादव ने कहा था कि महाराजी प्रजापति के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है, जो मामले हैं वे उनके पति (गायत्री प्रजापति) के खिलाफ हैं। अखिलेश यादव ने यह भी कहा था कि आजम खान के खिलाफ ज्यादातर मामले भाजपा शासन में दर्ज किए गए थे और जहां तक नाहिद हसन का सवाल है, भाजपा (सरकार) ने उनके खिलाफ सबसे अधिक मामले दर्ज किए हैं।
बता दें कि समाजवादी पार्टी ने नाहिद हसन को कैराना सीट से उम्मीदवार बनाया है और रामपुर से सांसद आजम खान को रामपुर सदर सीट से प्रत्याशी बनाया है। दोनों ही नेता इस वक्त जेल में हैं और वहीं से उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है। आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम भी कुछ दिनों पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए हैं और स्वार से सपा ने उनको टिकट दिया है।