उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की है। कांग्रेस द्वारा जारी इस लिस्ट में 6 उम्मीदवारों के नाम हैं, जिनमें कानपुर की कल्याणपुर विधानसभा सीट से गायत्री तिवारी (Gayatri Tiwari) को टिकट दिया गया है। गायत्री तिवारी विकास दुबे कांड में मारे गए अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे (Khushi Dubey) की मां हैं।

वहीं, इस लिस्ट में लखनऊ की पुरवा सीट से शायर मुनव्वर राणा की बेटी उरुषा राणा का नाम है। उरुषा ने इसके पहले, उन्नाव से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पर्चा दाखिल किया था लेकिन अब कांग्रेस पार्टी ने उनको पुरवा से उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस ने इस लिस्ट में लखनऊ वेस्ट से शहाना सिद्दिकी, लखनऊ नॉर्थ से अजय श्रीवास्तव, लखनऊ ईस्ट से पंकज तिवारी और लंभुआ सीट से विनय विक्रम सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

कांग्रेस द्वारा घोषित 6 उम्मीदवारों की सूची में 3 महिलाएं शामिल हैं। विधानसभा चुनावों के लिए तारीखों के ऐलान से पहले, प्रियंका गांधी ने यूपी में 40% महिलाओं को प्रतिनिधित्व का वादा किया था। इसके बाद से कांग्रेस की हर सूची में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट दिया जाता रहा है।

कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान के तहत प्रियंका गांधी अपने साथ अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने की कोशिश कर रही हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार से नोएडा में डोर-टू-डोर अभियान की शुरूआत कर रही हैं, यहां से पार्टी ने पंखुड़ी पाठक को उम्मीदवार बनाया है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने नोएडा के सेक्टर 26 स्थित काली मंदिर में काली मां के दर्शन कर अपने अभियान की शुरुआत की। प्रियंका गांधी वाड्रा ने नोएडा में विभिन्न समूहों के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा, “तीन दशक के बाद हम उत्तर प्रदेश में 403 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। जातिवाद और सांप्रदायिकतावाद फैलाने से सिर्फ़ राजनीतिक दलों का फायदा होता है। जनता का फायदा नहीं।” बता दें कि जिले की तीनों विधानसभा सीटों नोएडा, जेवर और दादरी में पहले चरण में 10 फरवरी को मतदान होगा। उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में चुनाव संपन्न होंगे और नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।