उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर भी जवाब दिया जिसमें योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि 10 मार्च के बाद हम कुछ लोगों की सारी गर्मी निकाल देंगे।
मुख्यमंत्री कंप्रेशर हैं क्या?: प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि, “हमारे मुख्यमंत्री कंप्रेसर है क्या जो गर्मी निकाल देंगे। सवाल गर्मी का नहीं है बल्कि सवाल यह है कि रोजगार और नौकरी मिलेगी या नहीं मिलेगी? ये गर्मी निकालना चाहते हैं, समाजवादी सरकार बनेगी तो नौकरी निकालेगी। नौजवान जो पुलिस में भर्ती होना चाहते हैं पुलिस भर्ती की नौकरी निकलेगी।”
वहीं अखिलेश मायावती के साथ आने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार विचारधाराएं साथ आ रही हैं, नेता आए या ना आए। ये चुनाव संविधान बचाने का चुनाव है।
80% लोग गठबंधन के साथ: अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ के 80-20 वाले बयान पर कहा कि, “वो ये कहना चाहते हैं कि 80% लोग गठबंधन के साथ हैं और 20% लोग नाराज हैं। यानी 100 फ़ीसदी लोग गठबंधन के साथ हैं। कभी कोई सांसद कूटे गए होंगे? विधायक दौड़ाए जा रहे हैं, गांव में विधायकों का बहिष्कार हो रहा है। इनके विधायकों का तिरस्कार हो रहा है।”
ओवैसी पर हमला निंदनीय: ओवैसी पर हमले के सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि, “समाजवादी पार्टी को जैसे ही यह खबर पता चली हमने उसकी निंदा की। बीजेपी को जवाब देना चाहिए कि एक नेता को देखते ही एक माफिया ने खुलेआम गोली चलाई। ये कानून-व्यवस्था की सबसे बड़ी असफलता है और हमने उनके कानून-व्यवस्था को कई बार देखा है।”
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि, “हाथरस में बेटी के परिवार के लोग न्याय चाहते थे। वो इज्जत से अंतिम संस्कार करना चाहते थे, लेकिन इस सरकार के लोगों ने क्या किया? उन्होंने ऐसा नहीं होने दिया। अगर उस लड़की को अच्छी चिकित्सा मुहैया कराई गई होती, शायद आज वह जिंदा होती।”