उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार व केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल (SP Singh Baghel) के काफिले पर हुए कथित पथराव के मामले पर सियासत गरमाई हुई है। करहल सीट से समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में इस सीट पर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इस मुद्दे पर बहस के दौरान एक टीवी डिबेट में एसपी सिंह बघेल और सपा नेता धर्मेंद्र यादव आपस में भिड़ गए।
न्यूज18 उत्तर प्रदेश के डिबेट में भाजपा उम्मीदवार एसपी सिंह बघेल ने जमकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा और गुंडागर्दी का आरोप लगाया। वहीं, धर्मेंद्र यादव भाजपा नेता के आरोपों को खारिज करते रहे। एसपी सिंह बघेल ने कहा, “डिंपल यादव इतनी लोकप्रिय थीं कि कन्नौज में निर्विरोध चुनाव जीतती हैं और उसके बाद हार जाती हैं, दोनों में क्या अंतर हुआ? गुंडई की पराकाष्ठा थी कि किसी ने पर्चा दाखिल नहीं किया।”
इस पर पलटवार करते हुए धर्मेंद्र यादव ने कहा, “आप बेबुनियाद बातें मत करों, वाहियात बात कर रहे हो आप। इतने व्याकुल क्यों हैं आप, 10 मार्च का इंतजार करें।” धर्मेंद्र यादव ने कहा कि करहल की जनता समाजवादी पार्टी, मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की दीवानी है। धर्मेंद्र ने दावा किया कि करहल में एक तरफा माहौल है, पूरा का पूरा करहल अखिलेश यादव के साथ है।
मंगलवार को एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हमले की खबर के बाद समाजवादी पार्टी और भाजपा आमने-सामने है। इस मामले को लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा और ट्वीट कर कहा, “मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल के काफिले पर सपाई गुंडों ने हमला कर असली चरित्र दिखाया है।”
वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, “करहल विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल जी के काफिले पर हमला यह दर्शाता है कि वहां से सपा के प्रत्याशी अखिलेश यादव हार की कगार पर खड़े हैं।”