यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का नारा ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। विरोधी पार्टी इस नारे को लेकर जहां कांग्रेस पर हमला कर रहे हैं तो वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इस नारे और अपने वादों के सहारे जनसमर्थन की उम्मीद कर रही हैं। इसी नारे से जुड़ा हुआ सवाल जब एक टीवी कार्यक्रम में पूछा गया तो प्रियंका ने कहा कि वो यूपी में रोज लड़ रही हैं।

एबीपी न्यूज के घोषणापत्र कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी से जब पत्रकार राजकिशोर तिवारी ने कांग्रेस का घोषणापत्र दिखाते हुए पूछा कि इसके फ्रंट पेज पर सोनिया गांधी हैं, राहुल गांधी हैं, पर जो लड़की लड़ रही है यूपी में, उस लड़की का चेहरा नहीं है। इस पर प्रियंका गांधी ने कहा कि वह लड़की अंदर है।

प्रियंका गांधी ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा- “ये हमारा मेन मेनिफेस्टो है, हमारी पार्टी की अध्यक्षा जी हैं, पूर्व अध्यक्ष हैं, उनको सामने होना चाहिए। मैं तो हूं ही रोज लड़ रही हूं यहां।”

इसके बाद एक और पत्रकार ने जब प्रियंका गांधी से 10 साल लेट यूपी में उतरने को लेकर सवाल पूछा तो कांग्रेस नेता ने कहा कि 10 साल पहले उनकी बेटी आठ साल की थी। वो एक मां भी हैं। इसलिए वो उस समय राजनीति के सक्रिय मैदान में नहीं उतरीं।

इसके साथ ही इसी मंच पर जब प्रियंका से यूपी की कानून व्यवस्था और ओवैसी पर हुए हमले को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें जो गलत लगता है, उस मुद्दे को वो उठाती हैं। यूपी में कानून व्यवस्था बिलकुल खराब है। कांग्रेस नेता ने कहा- “यूपी में भाजपा कहती है कि उन्होंने लॉ एंड ऑर्डर ठीक किया है, मेरी समझ में लॉ एंड ऑर्डर गवर्नेंस से जुड़ा हुआ है। लॉ एंड ऑर्डर और एनकाउंटर राज में बहुत फर्क है।”

बता दें कि करीब 30 सालों बाद कांग्रेस इस बार का यूपी विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ रही है। इस बार कांग्रेस की कमान प्रियंका गांधी के हाथ में है और वो जमीन पर कांग्रेस को खड़ा करने की कोशिश करती दिख रही हैं।