यूपी चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। मुलायम सिंह यादव के बेहद खास और सपा सरकार में मंत्री रहे शिव कुमार बेरिया ने बीजेपी का दामन थाम लिया है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के पूर्व नेता शिव कुमार बेरिया सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए। इसके साथ ही सपा को बड़ा झटका देते हुए एमएलसी रमेश मिश्रा भी बीजेपी में शामिल हो गए हैं।
बीजेपी में शामिल होने के बाद बेरिया ने कहा कि मुलायम सिंह के समय में जमीनी कार्यकर्ताओं का सम्मान था। अब नहीं है। उन्होंने कहा- “समाजवादी पार्टी में मुलायम सिंह जी के जमाने में जमीनी कार्यकर्ताओं का सम्मान था और उनको आगे बढ़ाने का काम भी होता था। उसी के तहत हमलोग आगे बढ़ाए गए। एमएलए भी बने, मिनिस्टर भी बने। नेताजी ने भरपूर हमलोगों को सम्मान दिया। उसके बाद जो दौर आया, उस दौर में ऐसी चौकड़ी से लोग घिर गए, जिसमे जो आम कार्यकर्ता था…उनलोगों को उपेक्षित ही नहीं किया जा रहा था, वो लोग अपने आप को अपमानित महसूस कर रहे थे”।
पूर्व मंत्री ने कहा कि उसी अपमान से आहत होकर लोग पार्टी छोड़ रहे हैं। आज वाली सपा नई सपा है, जिसमें पुराने लोगों के लिए कोई स्थान नहीं है। शिव कुमार बेरिया ने आगे कहा कि हमलोगों की जरूरत नई सपा में नहीं है, उनको दौलत वाले की जरूरत है। बाहुबली लोगों की जरूरत है।
आगे बेरिया ने योगी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ अच्छे शासक हैं। सीएम योगी की ईमानदार हैं। उन्होंने कहा कि पीएम भी ईमानदार हैं। इन्हीं सब बातों से प्रभावित होकर उन्होंने बीजेपी का दामन थामा है।
इसके साथ ही धौरहरा से विधायक बाला प्रसाद अवस्थी, जिन्होंने हाल ही में 13 जनवरी को भाजपा छोड़ सपा का दामन थाम लिया था, वो फिर से बीजेपी में वापस आ गए हैं।