उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान से पहले शुक्रवार को प्रचार थम गया। प्रचार के आखिरी दिन सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कानपुर, मैनपुरी, करहल और उन्नाव में जनसभा को संबोधित किया। वहीं, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कानपुर और जालौन में जनसभा को संबोधित किया। 20 फरवरी को पंजाब में भी एक चरण में सभी 117 सीटों पर मतदान होगा।

पंजाब में प्रचार के आखिरी दिन राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने कमान अपने हाथों में ली थी, जबकि भाजपा की तरफ से रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पटियाला में रैली की। उनके साथ कैप्टन अमरिंदर सिंह थे, जिन्होंने बाद में रोड शो किया। आम आदमी पार्टी की तरफ से दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने अमृतसर में बाइक रैली निकाली तो सीएम अरविंद केजरीवाल ने रोड शो किया।

उत्तर प्रदेश की बात करें तो, सूबे में तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान होगा। तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर करीब 2.15 करोड़ मतदाता 627 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। 20 फरवरी को जिन 16 जिलों में मतदान होने हैं उनमें औरिया, एटा, इटावा, फर्रूखाबाद, फिरोजाबाद, हमीरपुर, हाथरस, जालौन, झांसी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कासगंज में होगा, ललितपुर, महोबा और मैनपुरी शामिल हैं।

मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से सपा प्रमुख अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे अखिलेश यादव को घेरने के लिए भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को चुनाव मैदान में उतारा है। दो दिनों पहले एसपी सिंह बघेल ने अपने काफिले पर हमले का आरोप लगाया था।

इटावा की जसवंतनगर सीट से अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव चुनाव मैदान में हैं। यहां से शिवपाल यादव लगातार चुनाव जीतते रहे हैं। भाजपा ने जसवंतनगर सीट से युवा नेता विनय शाक्य को मैदान में उतारा है, जबकि बसपा ने बिजेंद्र कुमार को टिकट दिया है। इस सीट पर कांग्रेस ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है।

फर्रुखाबाद सदर सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुइस खुर्शीद कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। 2002 मे लुईस खुर्शीद फर्रुखाबाद की कायमगंज विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं। वहीं, 2007 के चुनाव में लुईस खुर्शीद चुनाव हार गई थीं।

योगी सरकार के मंत्री सतीश महाना कानपुर की महाराजपुर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। सतीश महाना पिछले 7 बार से विधायक हैं। उनका मुकाबला इस बार समाजवादी पार्टी के फतेह बहादुर सिंह गिल से है।

पुलिस कमिश्नर पद से वीआरएस लेकर भाजपा में शामिल होने वाले असीम अरुण कन्नौज सदर सीट से पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। असीम अरुण का मुकाबला समाजवादी पार्टी के अनिल दोहरे से है। वहीं, बसपा का दामन छोड़कर आए रामवीर उपाध्याय भाजपा के टिकट पर हाथरस की सादाबाद से ताल ठोक रहे हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला एसपी-आरएलडी गठबंधन के प्रत्याशी प्रदीप चौधरी से है।