कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को एक वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। सोनिया गांधी ने बीजेपी पर हल्ला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार ने सरकारी कंपनियों को कौड़ी के भाव बेच दिया। मोदी और योगी सरकार ने उनके संसदीय क्षेत्र रायबरेली के साथ सौतेला व्यवहार किया है।

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर किए गए इस वर्चुअल रैली के दौरान सोनिया गांधी ने कहा कि यह चुनाव जनता के लिए काफी महत्वपूर्ण है। क्योंकि पांच साल तक लोगों ने ऐसी सरकार देखी है, जिसने आपस में मतभेद पैदा करने के अलावा कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि किसान बहुत मेहनत से फसल उगाते हैं। लेकिन उन्हें न दाम मिला, न खाद मिली और ना ही सिंचाई की सुविधा मिली।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने कोरोना के समय के लॉकडाउन को याद करते हुए कहा कि उस दौरान व्यवसाय बंद था। मीलों चलने का दर्द जनता से सहा, लेकिन मोदी-योगी सरकार ने गैर-जिम्मेदाराना काम किया और जनता से मुंह फेर लिया और आंखें बंद कर लीं। सरकार ने जनता को कोई राहत नहीं दी। मोदी सरकार ने सरकारी कंपनियों को अपने चहेतों को बेच दिया। जिसके कारण बेरोजगारी बढ़ गई है।

उन्होंने कहा- “युवा पढ़ाई करें और नौकरी की तैयारी करें, लेकिन बीजेपी सरकार ने आपको घर पर बैठा दिया। 12 लाख सरकारी पद खाली हैं, लेकिन आपको नौकरी नहीं दी गई है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, सरसों के तेल के दाम आसमान छू रहे हैं। लोगों का घर चलाना मुश्किल हो गया है”।

आगे सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस कई विकास योजनाएं लाई थी, जिसपर मोदी-योगी सरकार ने रोक लगा दी। रायबरेली के साथ वर्तमान सरकार ने सौतेला व्यवहार किया है। कांग्रेस ने हमेशा सेवा करने की राजनीति की है।

बता दें कि करीब 30 सालों बाद यूपी में कांग्रेस अपने दम पर सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस बार चुनाव की कमान प्रियंका गांधी के हाथ में है और वो कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करती दिख रही हैं।