गुरुवार (7 मार्च) को कांग्रेस ने 15 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के अलावा विवादित नाम भी शामिल हैं। विवादित नामों में अकबरपुर से उम्मीदवार राजाराम पाल और सहारनपुर से इमरान मसूद का नाम चर्चा का विषय है। गौरतलब है कि राजाराम पाल दिसंबर 2005 में एक न्यूज चैनल के स्टिंग ऑपरेशन का शिकार बने थे। पाल उन 11 सांसदों में शामिल थे जो सवाल पूछने के लिए पैसे लेते हुए कैमरे में कैद हुए थे। उस दौरान राजाराम पाल बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद थे। संसद की विशेष जांच कमेटी ने पाल समेत सभी आरोपी 11 सासंदो की सदस्यता रद्द कर दी थी।

कांग्रेस की सूची में शामिल इमरान मसूद वही शख्स हैं जिन्होंने नरेंद्र मोदी की बोटी-बोटी काट डालने की बात कही थी। 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान भी इमरान मसूद कांग्रेस की तरफ से सहारनपुर सीट से ताल ठोक रहे थे। इमरान ने एक रैली में बीजेपी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के बोटी-बोटी करने की बात कही थी। तब उनके खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया। इमरान मसूद ने कहा था कि यूपी गुजरात नहीं है। गुजरात में केवल चार फीसदी मुसलमान हैं, यूपी में 22 फीसदी हैं। मैं उसे ऐसा सबक सिखाऊंगा कि वह याद रखेगा। मैं मोदी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट डालूंगा। हालांकि, बाद में इमरान ने वीडियो को पुराना बताया था और कहा कि सबक देने का उनका मतलब हिंसा से नहीं बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से था।

गुरुवार को कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 11 और गुजरात की 4 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। कांग्रेस की पहली सूची में कोई बड़ी उलट-फेर देखने को नहीं मिला है। इनमें वहीं नाम शामिल हैं, जो पूर्व में अपने-अपने क्षेत्र से चुनाव लड़ते रहे हैं। हालांकि, अभी तक सोनिया गांधी के चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की जो अटकलें लग रही थीं, उस पर पूर्ण विराम लग गया है। सोनिया अपने सीट रायबरेली से ही चुनाव लड़ने जा रही हैं। जबकि, राहुल अमेठी से ताल ठोक रहे हैं। गांधी परिवार से प्रियंका के नाम को लेकर भी लोग कयास लगा रहे थे, लेकिन प्रियंका का नाम सूची में नहीं था।