Lok Sabha Election 2019: एबीपी न्यूज और नीलसन के सर्वे में महाराष्ट्र में भी भाजपा और शिव सेना को नुकसान होता दिखाया गया है। सर्वे के मुताबिक महाराष्ट्र में आगामी चुनावों में एनडीए को मात्र 37 सीटें मिल सकती हैं जबकि 11 सीटें यूपीए को मिल सकती हैं। राज्य में लोकसभा की कुल 48 सीटें हैं। पिछले चुनाव यानी 2014 में भाजपा को 23 और शिवसेना को 18 यानी एनडीए को कुल 41 सीटें मिली थीं लेकिन इस बार उसे चार सीटें कम मिल सकती हैं। जबकि यूपीए को चार सीटें ज्यादा मिल सकती हैं। पिछली बार यूपीए ने महाराष्ट्र में कुल सात सीटें जीती थीं। इनमें से कांग्रेस दो, एनसीपी चार और स्वाभिमानी पार्टी को एक सीट मिली थी।
सर्वे के अनुसार, एनडीए जलगांव, रावेर, बुलढाणा, मावल, शिरुर, अहमदनगर, शिरडी, रत्नागिरी सिंधुदुर्ग, मुंबई साउथ, ठाणे, पालघर, जालना, औरंगाबाद, डिंडोरी, कोल्हापुर, कल्याण, नागपुर, वर्धा, उस्मानाबाद, मुंबई साउथ सेंट्रल, लातूर, सांगली, भंडारा, गोदिया, गढ़चिरौली, मुंबई नार्थ, बीड, पुणे, सोलापुर, धुले, चंद्रपुर, अकोला, अमरावती, मुंबई नॉर्थ ईस्ट, मुंबई नॉर्थ सेंट्रल, नासिक और यवतमान सीट पर जीत हासिल कर सकती है। वहीं, यूपीए माढा, रामटेक, रायगड़, हिंगोली, नांदेड़, सातारा, परभणी, भिवंडी, बारामती, नंदूरबार और हाठकांगले सीट पर जीत हासिल कर सकती है।
मुंबई शहरी की सभी सीटें एनडीए के खाते में जाती दिख रही है। 3 सीट मुंबई नॉर्थ वेस्ट, मुंबई साउथ सेंट्रल और मुंबई साउथ पर शिवसेना और 3 सीट मुंबई नॉर्थ, मुंबई नॉर्थ ईस्ट और मुंबई नॉर्थ सेंट्रल पर भाजपा के उम्मीदवारों के जीत की संभावना है। वहीं, मुंबई आसपास के 4 सीटों में से 3 ठाणे, पलघर और कल्याण पर एनडीए और एक सीट भिवंडी यूपीए उम्मीदवार की जीत की संभावना है।
यह सर्वे 15 से 22 मार्च के बीच किया गया। इसमें सभी 48 लोकसभा क्षेत्रों के 12 हजार 48 लोगों को शामिल किया गया। बता दें कि महाराष्ट्र की कुल 48 लोकसभा सीटों के लिए चार चरणों में मतदान होने हैं। 7 सीटों के लिए 11 अप्रैल, 10 सीटों के लिए 18 अप्रैल, 14 सीटों के लिए 23 अप्रैल और 17 सीटों के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
राज्य में मुख्य मुकाबला एनडीए और यूपीए के बीच है। एनडीए में शिवसेना और भाजपा शामिल है। गठबंधन के तहत भाजपा को 25 और शिवसेना को 23 सीट मिली। वहीं, यूपीए में कांग्रेस और राकंपा शामिल है। कांग्रेस जहां 26 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। राकंपा के खाते में 22 सीटें दी गई।
